सीडीओ बोले घर पर हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि इनकी छुट्टी कर दीजिए ऐसी जगह भेजिए जहां न गाड़ी मिले और न चपरासी


yogi-adityanath01-13-1489843980-185751-khaskhabar

 

मुख्यमंत्री  धान खरीद को लेकर की गई वीडियो कान्फ्रेंसिंग मे

खरीद के खराब आंकड़ों से नौकरशाही पर काफी नाराज़

 

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार रात धान खरीद को लेकर की गई वीडियो कान्फ्रेंसिंग मे खरीद के खराब आंकड़ों से नौकरशाही पर काफी नाराज़ हैं । उनके तेवर बदले हुए हैं । यूपी में बीते सालों की अपेक्षा मौजूदा धान खरीद कई गुना पीछे है । आधा दर्जन से अधिक डीएम को विडियो कान्फ्रेसिंग में उन्होंने जम कर लताड़ लगाई और कहा कि कितने शर्म की बात है कि मुझे समीक्षा करनी पड़ रही है । एक जिले के डीएम और कमिश्नर दोनों गायब थे। सीडीओ ने बताया कि डीएम चुनाव आयोग की बैठक में गए हैं। मुख्यमंत्री के दोबारा पूछे जाने पर सीडीओ ने बताया कि वे घर पर हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से कहा कि इनकी छुट्टी कर दीजिए। ऐसी जगह भेजिए जहां न गाड़ी मिले और न चपरासी।

पश्चिम के एक जिले के डीएम ने बताया कि उत्तराखण्ड में कमीशन एजेंट से खरीद होने के कारण यूपी का धान भी वहां चला गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब आप धान खरीद की समय से तैयारी नहीं करेंगे, तो किसान क्या करेगा।
बीते दिनों हड़ताल के कारण धान खरीद प्रभावित होने का मुद्दा भी उठा।  मुख्यमंत्री ने स्पष्ट आदेश दिया कि हड़ताल वालों को घर भेज दीजिए। एक बार सख्ती से निपट लीजिए। लेखपालों की हड़ताल के समय मैंने कहा था। दो साल भी नौकरी के हुए नहीं और हड़ताल करेंगे। संभवत: पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने इतना कड़ा आदेश दिया है कि कमिश्नर धान खरीद की केन्द्रवार समीक्षा करेंगे और डीएम सभी केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे। बाराबंकी के डीएम ने कहा कि हड़ताल के कारण खरीद नहीं हो पाई , सीएम ने कहा कि सबके खिलाफ कार्रवाई करो।

मुख्यमंत्री के सख्त तेवरों को देखते हुए संभावना है कि जल्द ही कुछ लापरवाह अफसरों पर गाज गिर सकती है। बार-बार सचेत करने के बाद भी कामकाज का तरीका न बदलने वाले अफसरों के साथ उन्होंने सख्ती से पेश आने का निर्देश दिया है।  गुरुवार को धान खरीद की समीक्षा के दौरान नौकरशाही को मुख्यमंत्री के इस तेवर की झलक देखने को भी मिल गई थी। फिर अगले ही दिन शुक्रवार को लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइंस का औचक निरीक्षण करके और मोहनलालगंज में धान खरीद का जायजा लेकर सख्ती का स्पष्ट संदेश भी दे दिया।


Scroll To Top
Translate »