मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा सांसदों को अपने आवास पर दोपहर भोज के साथ ही जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया


लखनऊ  |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के नवनिर्वाचित सांसदों को बुधवार को यहां अपने आवास पर बुलाकर उन्हें जीत की बधाई और दोपहर का भोज दिया। साथ ही जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया। जनता की अपेक्षाओं और संगठन की कसौटी पर खरा उतरने का आग्रह किया। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने तथा गांव-गांव विकास का एजेंडा लागू करने में सहयोग मांगा।

योगी ने बतौर सांसद मिली जिम्मेदारियां बताते हुए आगाह भी किया कि यह जीत किसी प्रत्याशी की नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसे की जीत है। इसलिए सभी सांसद आचार-व्यवहार ठीक रखें। क्षेत्र के लोगों से लगातार संपर्क व संवाद रखें। यह भरोसा टूटना नहीं चाहिए। आजादी के बाद पहली बार लोगों ने प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट दिया है। देश की राजनीति में यह सकारात्मक परिवर्तन है। सांसदों को इसे ध्यान में रखना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा ने भी सांसदों से बात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसदों के लिए जनता के बीच अपना भरोसा बनाने और साख कायम करने का यह स्वर्णिम अवसर है। केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकारें हैं। दोनों ही सरकारों ने तमाम कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।

लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाकर और विकास कराकर सांसद अपनी जीत को स्थायी बना सकते हैं। जनता ने जो अवसर दिया है, उसका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करेें। लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करें।

बैठक में सह प्रभारी गोवर्धन झड़पिया, नरोत्तम मिश्र, दुष्यंत गौतम के अलावा सांसद स्मृति ईरानी, डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, रविकिशन, उपेंद्र रावत, लल्लू सिंह, सत्यदेव पचौरी, डॉ. रीता बहुगुणा जोशी सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद थे।


Scroll To Top
Translate »