जयपुर। दिल्ली में सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी का भय राजनीतिक दलों को सताने लगा है। कांग्रेस हो या भाजपा दोनों ही दलों के नेता स्वयं को ‘कॉमनमैन’ दिखाने में जुट गए हैं। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस लिहाज से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब वह सरकारी विमान के बजाय साधारण रूटीन फ्लाइट से यात्रा करेंगी। उन्होंने अपनी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों की संख्या आधी करने के साथ ही काफिले में गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है। आम आदमी की तरह वसुंधरा भी सड़क पर लालबत्ती पर रुकेंगी। इसके अलावा उन्होंने जनता की सुलभता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री आवास में शिफ्ट होने के बजाय अपने पुराने बंगले में ही रहने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री ने अब प्रतिदिन जन सुनवाई करने का भी फैसला लिया है। आने वाली शिकायतों के निस्तारण की अवधि भी तय की गई है। अब तक सभी मुख्यमंत्री सप्ताह में केवल एक दिन जन सुनवाई करते थे। मंत्रियों को भी सुबह एक घंटा अपने आवास पर लोगों की शिकायतें सुनने के लिए कहा गया है। वसुंधरा के इस फैसले को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लिए गए निर्णयों से जोड़कर देखा जा रहा है। केजरीवाल ने इसी तरह के निर्णय किए, जिनका आम जनता में काफी असर हुआ। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने राजस्थान की सभी 25 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
Tagged with: Secondary-Featured-Slider
https://rashtriyadinmaan.com
