सरकार जनता व किसानों के साथ – अमित शाह


दालों के आयात व गन्ना किसानों के पैकेज पर पार्टी अध्यक्ष ने दी प्रधानमंत्री को दी बधाई
unnamed (1)नई दिल्ली। केंद्र की एनडीए सरकार को किसान और गरीब विरोधी बताने वालों को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने करारा जवाब दिया है। शाह ने कहा है कि बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए दालों के आयात और गन्ना किसानों को उनका बकाया दिलाने के लिए विशेष राहत पैकेज देने का फैसला बताता है कि सरकार को आम जनता के हित में काम कर रही है। पार्टी अध्यक्ष ने ट्वीट कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये फैसले लेने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही पार्टी अध्यक्ष ने इस बात की भी सराहना की कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों को मिलने वाला बकाया सीधे उनके जनधन खाते में जाए ताकि बिचौलियों से किसानों को बचाया जा सके।
देश में पिछले एक महीने में दालों की कीमतों में तेज वृद्धि को देखते हुए सरकार ने त्वरित कदम उठाते हुए भारी मात्रा में दालों का आयात करने का फैसला किया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल ने किसानों के लिए छह हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज पर भी मुहर लगाई है जिससे गन्ना किसानों को लंबे समय से टल रहा बकाये का भुगतान हो सकेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के गन्ना किसानों का लंबे समय से मिलों पर बकाया था।
भाजपा अध्यक्ष ने सरकार के इन दोनों फैसलों को जनता और किसानों को राहत देने वाला बताया है। अपने ट्वीट में शाह ने दालों के आयात के फैसले पर टिप्पणी करते हुए कहा ‘ दालों के बढ़ते दामों एवं जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए भारी मात्रा में दालों को आयात कर आम आदमी को राहत देने के फैसले पर माननीय प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन।‘ शाह ने उम्मीद जताई कि सरकार के इस फैसले से आम जनता की थाली में दाल बनी रह सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने दालों की कमी का अहसास होती ही यह कदम उठाकर साबित कर दिया है कि वह त्वरित कदम उठाकर महंगाई को बढ़ने से रोकने में पूरी तरह सक्षम है।
इसी तरह गन्ना किसानों के लिए दिये पैकेज ने साफ कर दिया है कि सरकार पर किसान विरोधी होने के लग रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। सरकार ने गन्ना किसानों की दिक्कतों व परेशानियों को समझते हुए ही ब्याज मुक्त कर्ज उपलब्ध कराने का उपाय किया है ताकि गन्ना किसानों को राहत मिल सके। अपने ट्वीट में शाह ने प्रधानमंत्री को इस फैसले पर बधाई देते हुए कहा ‘ भारत के अन्नदाता के प्रति संवेदनशील भारत सरकार द्वारा किसानों के लिए छह हजार करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त कर्ज देने के निर्णय पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन। अन्नदाता सुखी भवः।‘

Scroll To Top
Translate »