
लखनऊ । उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश के कोने-कोने से आये हजारों की संख्या में कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार ‘लल्लू’ ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी , श्री राहुल गांधी और महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने एक साधारण कार्यकर्ता को जो इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है और भरोसा जताया है तो यकीनन विश्वास दिलाना चाहता हूं कि एक-एक कार्यकर्ता के मान-सम्मान, हक, अधिकार के लिए जनता की आवाज के लिए, कांग्रेस को मजबूत करने के लिए शरीर का एक-एक कतरा कुर्बान करना पड़ता तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होने कहा कि नौजवानों, किसानों, मजदूरों, शोषितों, वंचितों एवं महिलाओं के सम्मान की लड़ाई लड़ते हुए उन पर 32 मुकदमें दर्ज हुए और 18 बार उन्हें जेल जाना पड़ा और यातनाएं सहनी पड़ी और इस लड़ाई और कांग्रेस के लिए यदि 1800 बार जेल जाना पड़े तो भी वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होने कहा कि हमें नौजवानों की आवाज बननी है, बेटियों की आवाज बननी है, पत्रकार साथियों की आवाज बननी है, सड़क पर संघर्ष करना है। राजनीति में मुकदमें इनाम हुआ करते हैं, लाठियां सरकारी सौगात हुआ करती हैं और जेल एवं रेल, स्थायी घर हुआ करते हैं इस जज्बे को लेकर हम चलेंगे और मौजूदा लोकतंत्र की हत्यारी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और 2022 में कांग्रेस की सरकार बनायेंगे इसके लिए आज से ही सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक देना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी की लोकतांत्रिक परिपाटी का बखान करते हुए कहा कि उन्होने यूथ कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष से सक्रिय राजनीति की शुरूआत की थी और तमाम पारिवारिक एवं आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद जनता के हितों के लिए अनवरत संघर्षों के बल पर तमकुहीराज की जनता ने उन्हें विधायक बनाया। उन्होने कहा कि अगर हिम्मत हो, जूझने की क्षमता हो, खुद पर विश्वास हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है।
उन्होने कहा कि देश में भाजपा, आरएसएस के खिलाफ लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई श्री राहुल गांधी जी ने लड़ी। 4 हजार करोड़ रूपये खर्च करके भाजपा सरकार ने तमाम तरह के मिथ्या प्रचार करके अनर्गल आरोप लगाने का प्रयास किया। किसानेां के मुआवजे के लिए टप्पल में लड़ाई लड़ी और इन किसानों के खिलाफ खड़े तमाम उद्योगपतियों को मिलने का समय नहीं दिया। उन्होने कहा कि सदन से सड़क तक किसानों, शोषितों, वंचितों, पीड़ितों की लड़ाई राहुल ने लड़ी। उन्होने कहा कि कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने उ0प्र0 में संघर्ष का स्पष्ट संदेश दे दिया है, उन्होने सोनभद्र में कार्यकर्ताओं के साथ तपती धूप में जमीन पर बैठकर पीड़ित आदिवासियों को न्याय दिलाने का काम किया, जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिला, वह डटी रहीं,ं उन्नाव की बेटी केा न्याय दिलाने का मामला हो अथवा शाहजहांपुर की बेटी को न्याय दिलाने का मामला हो, उन्होने स्वयं सड़क पर उतरकर संघर्ष किया। जबकि इन सभी मामलों में दोषी लोगों को बचाने के लिए प्रदेश सरकार ने तमाम कुचक्र रचे। चुनार के किले में बिजली काटने का मामला हो या शाहजहांपुर में रातों रात पदयात्रा को जबरन रोककर बार्डर सील करके तीन हजार से अधिक कांग्रेसजनेां को गिरफ्तार करने से भी सरकार नहीं चूकी। उन्होने मंच से कांग्रेसजनों का आवाहन करते हुए कहा कि आपके समर्थन और आर्शीवाद से 2022 में भाजपा की सरकार जायेगी और कांग्रेस की सरकार आयेगी।
इस मौके पर उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डाॅ0 निर्मल खत्री, सांसद एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी श्री पी0एल0 पुनिया, पूर्व सांसद श्री प्रमोद तिवारी, राष्ट्रीय सचिव श्री जुबेर खान, श्री धीरज गुर्जर, श्री रोहित चैधरी, श्री सचिन नाईक, श्री बाजीराव खाड़े एवं श्री राना गोस्वामी, विधायक श्री सुहेल अंसारी, विधायक श्री नरेश सैनी, विधायक श्री मसूद अख्तर, पूर्व विधानमंडल दल के नेता श्री प्रदीप माथुर, पूर्व विधान परिषद दल के नेता श्री नसीब पठान, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व सांसद श्री जफर अली नकवी, पूर्व सांसद श्री राकेश सचान, पूर्व सांसद श्रीमती कैसरजहां, पूर्व मंत्री श्री राजकिशोर सिंह आदि वरिष्ठ नेताओं ने अपने उद्बोधन में नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार ‘लल्लू’ को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी, श्री राहुल गांधी जी एवं श्रीमती प्रियंका गांधी जी को एक साधारण किसान परिवार के संघर्षशील, जुझारू कार्यकर्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करने पर आभार व्यक्त किया। भी केन्द्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
नवनियुक्त कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा‘मोना’ ने समारोह को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी के इतिहास में श्रीमती इन्दिरा गांधी जी का खून शामिल है। राजीव जी की शहादत शामिल है। यह वह कांग्रेस है जिसके कार्यकर्ताओं एवं झण्डे ने देश को आजादी दिलाई है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ फिर से खड़ी होगी। प्रियंका जी ने संघर्ष की जो मशाल जलाई है वह जलती ही रहेगी।
समारोह का संचालन प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त महासचिव श्री विश्वविजय सिंह ने किया।
इसके पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार‘लल्लू’ जी ने रोडवेज की बस से गोरखपुर से चलकर प्रातः पालीटेक्निक चैराहा पहुंचने पर वहां प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता श्री मुकेश सिंह चैहान द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर श्रीमती आराधना मिश्रा‘मोना’, श्री ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, डा0 उमाशंकर पाण्डेय, श्री अशोक सिंह, श्री शिव पाण्डेय, श्री शैलेन्द्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
इसके उपरान्त वहां से चलकर कालीदास मार्ग स्थित राजीव चैक पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर श्री कैंट प्रत्याशी श्री दिलप्रीत सिंह, सुश्री अनुसुइया शर्मा, श्री अंशू अवस्थी आदि मौजूद रहे।
तत्पश्चात हजरतगंज चैराहा पहुंचकर जीपीओ पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा, लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की प्रतिमा एवं बाबा साहब डाॅ0 भीमराव आम्बेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से श्री अजय श्रीवास्तव अज्जू, श्री हनुमान प्रसाद, श्री संजय श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
