प्रभु ने दिखाई गतिमान एक्सप्रेस को हरी झंडी


 

eff82dca3c8e2ab2842f0bb32504244b_M

नई दिल्ली : देश की पहली सेमी हाईस्‍पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस मंगलवार यानी आज से निजामुद्दीन एवं आगरा कैंट स्टेशन के बीच नियमित रूप से चलने लगी। यह ट्रेन दोनों तरफ से एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक मात्र 100 मिनट का समय लेगी। निजामुद्दीन-आगरा गतिमान एक्सप्रेस को मंगलवार सुबह करीब दस बजे रेल मंत्री सुरेश प्रभु निजामुद्दीन स्टेशन से हरी झंडी दिखाई। ताज के शहर का दीदार करने जाने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने वाली यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी और 100 मिनट में 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

विशेष रूप से देश-विदेश से ताजमहल के दीदार करने के लिए दिल्ली होकर आगरा पहुंचने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए सप्ताह के छह दिन (शुक्रवार को छोड़कर) चलाई जा रही है। दिल्ली से आगरा जाने वाली भारत की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के यात्रियों को न केवल उनकी सीटों पर ट्रेन होस्टेस की सेवाएं और गुलाब के फूल दिये जाएंगे बल्कि उन्हें फिल्मों, समाचार और कार्टून जैसी मल्टीमीडिया सामग्री की भी निशुल्क सेवा मिलेगी।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम पहली सेमी-हाईस्पीड ट्रेन में यात्रियों को सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों को जहां गुणवत्तापरक खानपान कई विकल्पों के साथ परोसा जाएगा, वहीं उन्हें उनकी सीटों पर ही मल्टीमीडिया मनोरंजन की मुफ्त सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन के डिब्बों में हॉटस्पॉट उपकरण लगाये गये हैं जिससे यात्री अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप पर सीधे इन सुविधाओं का निशुल्क लाभ उठा सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि यात्रियों को एप डाउनलोड करना होगा और वे निशुल्क सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इस दौरान उन्हें सीमित अवधि के विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे। अधिकारी के अनुसार यात्रियों के लिए मल्टीमीडिया मनोरंजन की सुविधा का लाभ रेलवे को भी मिलेगा और सेवा प्रदाता विज्ञापन दिखाने के लिए करीब 7.5 लाख रुपये देंगे।


Scroll To Top
Translate »