
नई दिल्ली | केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि भारत में वर्ष 2021 तक इंटरनेट प्रयोग करने वालों की संख्या 96.9 करोड़ हो जाएगी। उन्होंने ने कहा कि देश में इंटरनेट यूजर्स की बढ़ती संख्या को देखते हुए डिजिटल मीडिया उद्योग के लिए नियम बनाने का यह सही समय है। ताकि कोई एक व्यक्ति या समूह डिजिटल मीडिया उद्योग में दबदबा हासिल नहीं कर पाए। स्मृति ईरानी नई दिल्ली में पन्द्रहवें एशिया मीडिया समिट 2018 को संबोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि भारतीय मीडिया उद्योग डिजिटल दुनिया को केवल चुनौती के रूप में नहीं बल्कि अवसर के रूप में भी देखता है। उद्धाटन सत्र में ईरानी ने सवाल किया कि हम नई उभरती तकनीकों को संदेह की नजर से देखते हैं या इसे अवसर के रूप में या और विस्तार के रूप में देखते हैं। तीन दिवसीय मीडिया सम्मेलन की मेजबानी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा भारतीय जनसंचार संस्थान ( आईआईएमसी ) और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ‘ ब्रोडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड ‘ के साथ संयुक्त रूप से की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सूचना प्रसारण मंत्रालय ने गत चार अप्रैल को ऑनलाइन मीडिया को विनियमित करने के लिए एक पैनल बनाया किया था, ताकि डिटिजल मीडिया को भी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर लागू नियम के तहत लाया जा सके। यह पैनल ऑनलाइन मीडिया और न्यूज वेबसाइट को विनियमित करने के लिए मसौदा तैयार करेगा। इससे पहले गत दो अप्रैल को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर नियमन की बात कही गयी थी, जिसे बाद में पीएमओ के हस्तक्षेप के बाद रद्द कर दिया गया था।
https://rashtriyadinmaan.com
