
महिला ने एक अधिकारी पर धर्म के नाम पर अपमानित करने का आरोप लगाया
लखनऊ| रीजनल पासपोर्ट आॅफिस में पासपोर्ट बनवाने पहुंची महिला ने एक अधिकारी पर धर्म के नाम पर अपमानित करने का आरोप लगाया है. इस महिला ने इसकी शिकायत पीएमओ और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट के जरिए की है. मामले के तूल पकड़ने के बाद महिला से बदसलूकी करने वाले पासपोर्ट अधीक्षक का तबादला कर दिया गया है.
सेवा केंद्र लखनऊ के रतन स्क्वॉयर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में तन्वी सेठ नाम की महिला पासपोर्ट बनवाने के लिए पहुंची थी. बुधवार को वह अपने पति अनस सिद्दीकी व अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ आवेदन की प्रक्रिया के तहत पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंची थी. सेवा केंद्र के काउंटर ए व बी की शुरूआती प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह तीसरे काउंटर पर पहुंची. यहां पासपोर्ट अधीक्षक विकास मिश्र ने उनके धर्म को लेकर उन्हें खासा अपमानित किया. कर्मचारियों ने भी उड़ाई खिल्ली पीड़ित महिला का आरोप है कि वह काउंटर सी 5 पर पहुुंची तो पासपोर्ट अधीक्षक विकास मिश्र ने उनके दस्तावेज देखने के बाद मुसलमान से शादी को लेकर तमाम सवाल—जवाब किए.
इसी बीच उनके पति अनस सिद्दीकी भी वहां आ पहुंचे. काउंटर पर बैठे पासपोर्ट अधीक्षक विकास मिश्र ने जलील करते हुए दोनों को एक ही सरनेम करने की सलाह दे डाली. इसका जब तन्वी व अनस ने विरोध किया तो वहां मौजूद कर्मचारी उनका मजाक उड़ाने लगे. नोएडा स्थित मल्टीनेशनल कम्पनी में कंप्यूटर इंजीनियर अनस ने अधीक्षक के रवैए पर ऐतराज जताया. उन्होंने इसकी शिकायत एपीओ विजय द्विवेदी से की तो उन्होंने विभाग की ओर से माफी मांगते हुए उनसे लिखित शिकायत मांगी. सरेआम अपमानित किए जाने को लेकर तन्वी ने पीएमओ और विदेश मंत्री से गुहार लगाई. उन्होंने ट्वीट कर पासपोर्ट अधीक्षक के बर्ताव की शिकायत की.
रीजनल पासपोर्ट अधिकारी पीयूष वर्मा के मुताबिक उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है. हिंदू पत्नी व मुस्लिम पति के अब तक सैकड़ों पासपोर्ट बनाए जा चुके हैं. पासपोर्ट में पति-पत्नी के अलग धर्म के होने से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन पति व पत्नी का सरनेम अलग होने पर आवेदक को एक सादे कागज पर लिखित घोषणा करनी होती है. इसमें उनकी शादी व सरनेम का जिक्र जरूरी होता है.
पीएमओ और विदेश मंत्री तक पहुंचे इस मामले को लेकर पासपोर्ट अधिकारियों में हड़कंप मच गया. इस मामले की जांच के बाद पासपोर्ट अधीक्षक विकास मिश्र का तबादला कर दिया गया है. वहीं पासपोर्ट जारी करने में आनाकानी कर रहे विभाग ने शुक्रवार को इस दंपत्ति को पासपोर्ट जारी कर दिया.
https://rashtriyadinmaan.com
