दो नाबालिगों से रेप, महिला ने खुद को जलाया


rapeउत्तर प्रदेश में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामलों में दो नाबालिग लड़कियों से बलात्कार किया गया, वहीं छेड़छाड़ से परेशान एक महिला ने खुद को जला लिया। मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी शहर में 15 साल की एक लड़की के साथ उसके घर में कथित तौर पर एक युवक ने बलात्कार किया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता के पिता ने आरोपी इकराम के खिलाफ कल पुलिस के समक्ष एक शिकायत दर्ज करवायी है। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।
एक अन्य मामले में, गोएला गांव में सोमवार को एक दुकान से कुछ सामान खरीदने के लिए जा रही एक किशोरी को एक युवक ने परेशान किया। इस सिलसिले में एक मामला दर्ज किया गया है।
चाकू दिखाकर दुष्कर्म : दूसरी ओर मेरठ जिले के थाना परतापुर क्षेत्र में 15 वर्षीय दलित किशोरी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जिला पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि परतापुर थाना क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी सोमवार सुबह गगोल रोड पर घास लेने गई थी। रिठानी निवासी सोनू ने उसे गन्ने के खेत में कथित तौर पर खींचा और चाकू दिखा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे पीटा भी जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने पर किशोरी ने घर पहुंच कर परिजनों को आपबीती सुनाई और फिर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
प्रवक्ता के अनुसार पुलिस ने किशोरी की चिकित्सकीय जांच कराने के बाद आरोपी सोनू को दुष्कर्म, मारपीट और अजा-अजजा कानून और पॉक्सो के तहत गिरफ्तार कर लिया। छेड़छाड़ से परेशान महिला ने खुद को जलाया : राज्य के ही कन्नौज जिले में छेड़छाड़ से परेशान एक महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। महिला को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के बजरिया मोहल्ले में 27 साल की एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले अमित नामक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ तथा शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाले जाने से तंग आकर कल खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली।


Scroll To Top
Translate »