
नई दिल्ली के हैबिटेट सेण्टर में हडको का 48वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न
लखनऊ: नई दिल्ली स्थित हैबिटेट सेण्टर में आयोजित भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय की शीर्ष संस्था हडको के 48वें स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय प्रगति अर्जित करने पर प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने सम्बोधन में युवा एवं नया भारत के सपने को साकार करने के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा घोषित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए बताया कि मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, खुले में शौच से मुक्ति, स्मार्ट सिटी, बेसहारा को आवास, अमृत योजना, शहरी आजीविका मिशन सहित अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। इसमें राज्य सरकारें, स्वयंसेवी संगठन एवं समूह, निजी क्षेत्र सक्रिय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं, जिससे देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
हडको के इस स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में यूपी एक्सप्रेसवेज़ इण्डस्ट्रियल डेवलपमेण्ट अथाॅरिटी (यूपीडा) द्वारा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर अयोध्या वाराणसी लिंक एक्सप्रेस-वे आदि के सम्बन्ध में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने केन्द्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हरदीप सिंह पुरी से पुरस्कार प्राप्त किया। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठान उत्तर प्रदेश स्टेट हाइवेज़ अथाॅरिटी (उपशा) द्वारा राज्य मार्गों के रख-रखाव, नवनिर्माण, आवागमन में अपेक्षित सुधार के सम्बन्ध सराहनीय योगदान के लिए उपशा के सी0ई0ओ0, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने पुरस्कार प्राप्त किया।
उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास विभाग द्वारा राज्य में 8 लाख आवासों का निर्माण किया गया है। यह कार्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम आवास योजना के तहत किया गया है, जिसमें त्वरित गति से गुणवत्तायुक्त आवासों का निर्माण कराया गया है, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। ग्राम विकास विभाग इस दिशा में निर्धारित मानक के अनुरूप सतत रूप से कार्यरत है। समारोह में उल्लेखनीय सफलता एवं लक्ष्यपूर्ति करने पर केन्द्रीय मंत्री द्वारा प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास श्री अनुराग श्रीवास्तव एवं ग्राम्य विकास आयुक्त श्री पार्थसारथी सेन शर्मा को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
‘सबका अपना घर हो‘ योजना को साकार करने के लिए भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के सपने को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2017 में 8 लाख मकान बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में ऐसे ग्रामीण परिवार, जिनके पास अपना स्वयं का मकान नहीं है, को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मुहैया कराए जा रहे हैं। इस क्रम में उत्तर प्रदेश में 8 लाख आवास का निर्माण कराते हुए लाभार्थियों के खाते में 11 हजार करोड़ रुपए की धनराशि प्रेषित की गयी है, जिसमें 3 हजार करोड़ रुपए की धनराशि हडको द्वारा ऋण के रूप में प्रदान की गई है।
प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास श्री अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना में 9 लाख मकान बनाए जाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष वर्ष 2017 के अंत तक 8 लाख आवास तैयार कर जरूरतमंदों के सपने को साकार किया गया है।
इस अवसर पर केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास सचिव श्री दुर्गाशंकर मिश्रा, हडको के चेयरमैन श्री एम0 रविकांत सहित उत्तर प्रदेश के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
