rahul_1486033522

 

lucknow | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पाँचवे चरण की अधिसूचना जारी होते ही अमेठी-रायबरेली सीटों पर समझौता हो गया है। सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद इन दो जिलों की 10 सीटों पर पेंच फंसा हुआ था। आज सुबह अखिलेश यादव और प्रशांत किशोर की मीटिंग के बाद इन सीटों पर समझौता हो गया। सपा के हिस्से में अमेठी सदर और ऊंचाहार की दो सीटें आईं तो कांग्रेस 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुलायम सिंह यादव के खास गायत्री प्रजापति को अमेठी से ही सपा का उम्मीदवार बनाया गया है।

 

पांचवे चरण में 11 जिलों की 52 सीटों पर चुनाव होने हैं। आज अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रत्याशी 9 फरवरी तक नामांकन कर सकते हैं। 10 फरवरी को नामांकन पत्रों की जाँच होगी जबकि 13 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इन सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होगा और 11 मार्च को वोटों की गिनती की जाएगी। पाँचवे चरण में बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, अंबेडकर नगर, बहराइच, श्रावस्ती, सिध्दार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सुल्तानपुर और अमेठी में चुनाव होंगे।

अमेठी राहुल गांधी और रायबरेली सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र है। कांग्रेस के स्‍ट्रैटजिस्‍ट प्रशांत किशोर ने गुरुवार सुबह अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोपहर में इन सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की खबर सामने आई। मौजूदा वक्त में अमेठी और रायबरेली की 10 में से 2 सीट कांग्रेस के पास है, जबकि 1 सीट पर पीस पार्टी का कब्जा है।