यूपी पुलिस के खौफनाक चेहरे ने अखिलेश सरकार के इस्तकबाल से जनता का भरोसा उठा दिया है—-पीयूष गोयल


unnamedलखनऊ | भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लखनऊ में हुई व्यापारी श्रवण साहू की हत्या पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि मैं बिजली से जुड़े मुद्दों पर आपसे चर्चा करने आया था लेकिन व्यापारी श्रवण साहू की हत्या ने मुझे झकझोर दिया है। अब और कोई बात करने का मन नहीं है।
केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल एवं राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने संयुक्त प्रेसवार्ता में अखिलेश सरकार पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अपने बेटे के कातिलों को अंजाम तक पहुंचाने में जुटा पिता पुलिस से सुरक्षा मांगता रहा और कुछ पुलिसकर्मी उसकी हत्या की साजिश रचते है। पहले पुत्र फिर पिता की हत्या और हत्या का षड़यंत्र रचती यूपी पुलिस के खौफनाक चेहरे ने अखिलेश यादव सरकार के इस्तकबाल से जनता का भरोसा उठा दिया है।
श्री गोयल ने कहा कि उ0प्र0 में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। मेरठ में व्यापारी के घर में घुसकर हमला किया जा इस दुःखद घटना से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपना मेरठ कार्यक्रम रद्द कर दिया। लखनऊ में व्यापारी श्रवण साहू जी अपने पुत्र के हत्यारों के खिलाफ लड़ रहे थे। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार भी लगाई कि पुत्र की हत्या के आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है, पर उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई और श्रवण साहू जी की हत्या कर दी गयी।
केन्द्रीय मंत्री ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि यूपी में कानून का राज नहीं रहा ऐसे में लड़कियां स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही, व्यापारियों में असुरक्षा है, जनता सशंकित है। कोई ऐसे में कैसे अपने परिवार की रक्षा करे और कैसे व्यापार करें ? मेरठ और लखनऊ के हत्याकांड ने नष्ट कानून व्यवस्था की पुष्टि कर दी है। इस सरकार के रहते कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं लाई जा सकती है। भाजपा श्रवण साहू जी के परिवार के साथ है।
श्री गोयल ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अखिलेश सरकार प्रदेश को और भी बुरी हालत में ले जाना चाहती है। पता नहीं गठबंधन इन घटनाओं के प्रति गंभीर क्यों नहीं है।
राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान हटाने के लिए पिछले कई महिनों से सपा सरकार बनाम अखिलेश सरकार का ड्रामा चल रहा है। लेकिन भ्रष्टाचार और अपराध के मामले में सपा सरकार और अखिलेश सरकार एक ही सिक्के के दो पहलू है, जनता यह भली भांति जानती है।
पत्रकारों द्वारा बिजली से संबन्धित प्रश्न पूछने केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मैं पूरे दस्तावेज तैयारी के साथ बिजली के विषय पर ही आप लोगों से बात करने आया था पर व्यापारी श्रवण साहू की हत्या की खबर सुनकर अब किसी विषय पर बात करने का मन नहीं है। केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा0 दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री डा0 अनिल जैन श्रवण साहू के परिजनों से मिलने पहुंचे। भाजपा नेताओं के साथ साहू समाज के अध्यक्ष राम नारायण साहू भी साथ रहे।

Scroll To Top
Translate »