
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दीपक सिंघल को आज अचानक उनके पद से हटा दिया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अब राहुल भटनागर को सूबे का नया मुख्य सचिव बनाया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल के दो सदस्यों गायत्री प्रजापति और राज किशोर को हटाया था। इसके बाद आज छुट्टी के दिन एकाएक उन्होंने मुख्य सचिव को भी हटा दिया।
राजधानी के सियासी गलियारे में चर्चा है कि दीपक सिंघल की सपा नेता अमर सिंह से नजदीकियां थीं। दो दिन पहले वह अमर सिंह द्वारा आयोजित एक दावत में भाग लेने दिल्ली गये हुए थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नहीं शामिल हुए थे।
बताया जाता है कि अमर सिंह की दावत में शामिल होना दीपक सिंघल को महंगा पड़ गया और मुख्यमंत्री ने आज उन्हें अचानक हटा कर प्रतीक्षा सूची में डाल दिया। दीपक सिंघल वरिष्ठ सपा नेता और कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के भी काफी नजदीक माने जाते हैं।
प्रदेश के नये मुख्य सचिव बनाये गये राहुल भटनागर 1983 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह प्रदेश में प्रमुख सचिव वित्त के पद पर कार्यरत थे।
https://rashtriyadinmaan.com
