उ0प्र0 राज्य औद्योगिक विकास निगम को किया जायेगा पूर्णतः आॅनलाइन: मुख्य सलाहकार, मुख्यमंत्री


unnamed
लखनऊ:   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार एवं उ0प्र0 राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री आलोक रंजन ने कहा कि प्रदेश में उद्योग फ्रेंडली वातावरण सृजित करने के लिये निवेशोन्मुखी नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन कराकर प्रदेश सरकार निवेशकों को हर संभव सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं को और अधिक विकसित कर उद्यमियों को आकर्षित करने के प्रयास सुनिश्चित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर समयबद्ध तरीके से निस्तारित कराने हेतु विभागीय कार्यों के लिये समय-सीमा निर्धारित की जायेगी। उन्होंने कहा कि उ0प्र0 राज्य औद्योगिक विकास निगम के कार्यों में पारदर्शिता लाने हेतु आॅनलाइन करने के कार्य को आगे बढ़ाते हुये अब इसे पूर्णतः आॅनलाइन किया जायेगा।
मुख्य सलाहकार ने यह विचार साइंटिफिक कन्वेंशन सेण्टर में इण्डस्ट्रियल यूनाइटेड डेवलपमेंट फाउण्डेशन द्वारा आयोजित उद्यमी महासम्मेलन कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करने के उपरान्त व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर कराने हेतु जनपद में सिंगल विण्डो की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने प्रदेश के लघु उद्यमियों को प्रदेश के उद्योग का ब्राण्ड एम्बेसडर बताते हुये कहा कि लघु उद्यमियों के उत्थान हेतु और अधिक बेहतर सुविधायें प्रदान करायी जायेंगी, जिससे अन्य प्रदेशों के उद्यमी उन्हें देखकर प्रदेश में निवेश करने के लिये आकर्षित हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर औद्योगिक क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ-साथ क्षेत्र के पार्कों का सुन्दरीकरण एवं पौधरोपण का कार्य भी कराया जायेगा।
उद्यमी महासम्मेलन में गोरखपुर के मण्डलायुक्त श्री अनिल कुमार के साथ-साथ आई0यू0डी0एफ0 के अध्यक्ष श्री देव भट्टाचार्या, महामंत्री श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं अन्य सदस्य तथा उद्यमीगण उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »