अमेरिका और भारत आपसी औद्योगिक सहयोग से वैश्विक परिदृश्य को बदल सकते हैं: यू0एस0आई0बी0सी0 प्रेसीडेण्ट


PRESS (2)-1
मुख्यमंत्री से यू0एस0 इण्डिया बिजनेस काउन्सिल की 
प्रेसीडेण्ट सुश्री निशा बिस्वाल ने भेंट की
लखनऊ |  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज यहां लोक भवन में यू0एस0 इण्डिया बिजनेस काउन्सिल (यू0एस0आई0बी0सी0) की प्रेसीडेण्ट सुश्री निशा बिस्वाल ने भेंट की। भेंट के दौरान सुश्री निशा बिस्वाल ने अपनी संस्था की ओर से उत्तर प्रदेश के साथ औद्योगिक सहयोग की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत आपसी औद्योगिक सहयोग से वैश्विक परिदृश्य को बदल सकते हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनसे उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री  ने सुश्री निशा बिस्वाल का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योग स्थापना के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रति कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फरवरी, 2018 में ‘यू0पी0 इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में उद्योग स्थापना के प्रस्ताव राज्य सरकार को मिले हैं। इन पर कार्य करते हुए 60 हजार करोड़ रुपए के एम0ओ0यू0 की ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी की जा चुकी है। राज्य सरकार प्रदेश में बड़े पैमाने पर उद्योग-धन्धे स्थापित कर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना चाहती है। इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि उत्तर प्रदेश तथा अमेरिका के आपसी सहयोग से यहां पर कई उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। उत्तर प्रदेश के बुन्देलखण्ड क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे डिफेन्स काॅरीडोर में रक्षा से सम्बन्धित उद्योगों के लिए सम्भावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इसके अलावा, उद्योगों की स्थापना के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की अवस्थापना सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पर कार्य किया जा रहा है। भविष्य में इनके निर्माण के उपरान्त आवागमन काफी सुविधाजनक हो जाएगा। 
मुख्यमंत्री  ने कहा कि राज्य सरकार महत्वपूर्ण सड़कों को 4-लेन करने के साथ-साथ अन्य सड़कों का चैड़ीकरण भी कर रही है, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा। वाराणसी में मल्टीमोडल टर्मिनल के शुरू होने से वाणिज्यिक गतिविधियों को भी काफी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, उद्योगों को माल ढुलाई में आसानी होगी। 
मुख्यमंत्री  ने वाराणसी में 21 से 23 जनवरी, 2019 तक आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस में सम्मिलित होने के लिए सुश्री निशा बिस्वाल सहित संस्था के सदस्यों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस अवसर पर उद्योगांे को बढ़ावा देने के दृष्टिगत एन0आर0आई0 तथा अमेरिका के उद्योगपतियों के साथ विशिष्ट सेशन का आयोजन करेगी और इसमें उत्तर प्रदेश में उद्योग स्थापना की सम्भावनाओं को तलाशा जाएगा। उन्होंने प्रयागराज कुम्भ-2019 में शामिल होने के लिए भी यू0एस0आई0बी0सी0 के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया। 
इस अवसर पर विशेष सचिव मुख्यमंत्री श्री अमित सिंह तथा यू0एस0आई0बी0सी0 की मैनेजिंग डायरेक्टर सुश्री अम्बिका शर्मा मौजूद थे। 

 


Scroll To Top
Translate »