नई दिल्ली| ‘‘वर्ष 2007-14 में देश की प्रति व्यक्ति आय की विकास दर 10.43 प्रतिशत की तुलना में उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय विकास दर 13.4 प्रतिशत थी।’’ यह उद्गार प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री महेश कुमार गुप्ता ने इकोनाॅमिक टाइम्स द्वारा आयोजित ग्लोबल बिज़नेस समिट के अवसर पर ‘‘उत्तर प्रदेश: लैण्ड आॅफ अनलिमिटेड अपाॅरचूनिटीज़’’ विषय पर राज्य सरकार की ओर से विशेष संबोधन में कही। उल्लेखनीय है कि इस ग्लोबल बिज़नेस समिट में उत्तर प्रदेश, पार्टनर स्टेट के रूप में प्रतिभाग कर रहा है।
आर्थिक एवं औद्योगिक प्रगति हेतु विश्व-स्तरीय अवस्थापना की अपरिहार्यता पर बल देते हुए श्री गुप्ता ने भारी संख्या में उपस्थित उद्योगपतियों एवं निवेशकों को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की मेगा फ्लैगशिप परियोजनाओं, जैसे- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे तथा ट्रांस-गंगा हाईटेक सिटी उन्नाव, सरस्वती हाईटेक सिटी नैनी, प्लास्टिक सिटी औरैया सहित प्रदेश में विकसित की जाने वाली 13 स्मार्ट सिटीज़ के बारे में बताया। प्रमुख सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी आदि एक साथ कई नगरों में मेट्रो रेल परियोजना की शुरुआत करने वाला अकेला राज्य है। जिसमें से लखनऊ मेट्रो का प्राथमिक सेक्शन इस वर्ष के अन्त तक क्रियाशील होने की सम्भावना है।
राज्य में व्यवसाय करने की प्रक्रियाओं के सरलीकरण के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले वर्ष देश के 10 शीर्ष राज्यों में से उत्तर प्रदेश भी एक था। उन्होंने बताया कि प्रदेश के आॅनलाइन सिंगल विण्डो सिस्टम निवेश मित्र को में भूतपूर्व योजना आयोग ने देश की सबसे अच्छी प्रणालियों में से एक बताया था।
व्यवसाय एवं उद्योग के लिए राज्य में तेजी से सुधरते हुए माहौल में औद्योगिक जगत ने अभूतपूर्व उत्साह प्रदर्शित किया। कई निवेशकों ने प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास से संवाद किया एवं अपनी निवेश योजनाओं तथा जिज्ञासाओं के सम्बन्ध में अवगत कराया।
जीएसके (ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन) फार्मासियुटिकल्स के वाइस प्रेसिडेंट अन्नास्वामी वैधीश द्वारा प्रदेश द्वारा तैयार की जा रही नई फार्मा नीति हेतु सुझाव दिए गए।
रेमण्ड्स के सीईओ संजय बहल ने कहा कि वे राज्य में पहले से चल रहे तकनीकी कौशल केन्द्रों के अलावा प्रदेश के हस्तशिल्पियों के कौशल विकास हेतु केन्द्रों की स्थापना करना चाहते हैं।
टेक्साज़ यूएसए की कम्पनी सोलर इनर्जी विदआउट बाॅर्डर्स के प्रेसिडेंट सैयद अकबर हाशमी ने राज्य में विकसित की जाने वाली स्मार्ट सिटीज़ में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना में रुचि व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 500 मेगावाट विद्युत उत्पादन हेतु 2,500 एकड़ भूमि की जरूरत होती है।
एल्सटाॅम पावर के प्रतिनिधि ने मैन्यूफक्चरिंग सेक्टर में रुचि प्रकट की। इसके अलावा लेनोवो, रेडक्लिफ, अपोलो हाॅस्पिटल्स, बालान ग्रुप आदि के अधिकारियों ने राज्य में निवेश की सम्भावनाओं के बारे में जिज्ञासा दिखाई।
इसके पूर्व प्रमुख सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास- महेश कुमार गुप्ता ने उत्तर प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया। यूपी पवेलियन में प्रदेश में स्थापित की जा रही औद्योगिक एवं सामाजिक अवस्थापना परियोजनाओं के पैनल्स एवं माॅडल्स लगा कर सुसज्जित किया गया है। जिसमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, ट्रांस-गंगा हाईटेक सिटी उन्नाव, सरस्वती हाईटेक सिटी नैनी, दिल्ली-मुम्बई इण्डस्ट्रियल काॅरीडोर व ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट काॅरीडोर सहित लखनऊ मेट्रो व ताजमहल के पैनल्स विशेष आकर्षण का केन्द्र थे।
प्रमुख सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास-श्री महेश कुमार गुप्ता, प्रमुख सचिव, आईटी-श्री आर के तिवारी, यूपीएसआईडीसी के प्रबन्ध निदेशक-श्री मनोज कुमार तथा उद्योग बन्धु की संयुक्त अधिशासी निदेशक-श्रीमती कंचन वर्मा ने विभिन्न सत्रों में सक्रिय भाग लिया।
https://rashtriyadinmaan.com

