
आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में कापू समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रविवार को जहां दिनभर जमकर हंगामा किया, रत्नांचल एक्सप्रेस की आठ बोगियों और दूसरे अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं शाम ढलते-ढलते यह आंदोलन वापस भी ले लिया गया. पुलिस ने बताया कि सभी हिंसक आंदोलन के कारण जाम सभी रेल रूटों को बहाल कर दिया गया है.
भीड़ ने तुनि थाने में आग लगाई
इससे पहले तुनि रेलवे स्टेशन पर उग्र प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की, जिसमें दो लोगों के घायल होने की खबर है. ट्रेन की बोगियां जलाने के बाद भीड़ ने तुनि ग्रामीण पुलिस स्टेशन में आग लगा दी, जिसमें कई पुलिसवाले घायल हो गए. इनमें से एक पुलिस कॉन्स्टेबल की हालत गंभीर है. भीड़ ने पुलिस के दो वाहनों समेत 8 गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया.
कापू समुदाय के लोग पिछड़ा वर्ग में आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने चेन्नई-कोलकाता रेलवे नेटवर्क को भी जाम कर दिया है. रविवार दोपहर बाद प्रदर्शनकारी अचानक उग्र हो गए और उन्होंने रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया. वहां खड़ी रत्नांचल एक्सप्रेस पर पहले तो पत्थर बरसाए गए, वहीं बाद में ट्रेन की आठ बोगियों में आग लगा दी गई.
https://rashtriyadinmaan.com
