वोल्कर रिपोर्ट में कांग्रेस का भी नाम: नटवर


natwarनई दिल्ली। नटवर सिंह ने शनिवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी इस बात को भूल गई है कि वोल्कर रिपोर्ट में ‘गैर अनुबंधित लाभार्थी’ के रूप में उसका भी नाम था। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनुसिंघवी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जताते हुए सिंह ने कहा कि वोल्कर रिपोर्ट में परोक्ष लाभार्थी के रूप में कांग्रेस का भी नाम था, सिंघवी इस बात को भूल गए।
सिंघवी ने कल कहा था कि संप्रग एक सरकार और कांग्रेस ने ‘कड़ा रुख अपनाया और स्पष्ट रूप से नटवर सिंह को मंत्रिपरिषद् तथा सीडब्ल्यूसी से इस्तीफा देने को कहा गया। सरकार और पार्टी के पास ‘‘कोई विकल्प नहीं था और उसने संयुक्त राष्ट्र के तेल के बदले अनाज कार्यक्रम में जांच पर वोल्कर समिति की रिपोर्ट पर कड़ा संज्ञान लिया।
उन्होंने कहा कि वोल्कर समिति की 27 अक्टूबर 2005 की रिपोर्ट में कहा गया है, ‘नटवर सिंह का परिवार तेल के बदले अनाज कार्यक्रम में गैर अनुबंधित (भ्रष्ट) लाभार्थी था। सिंघवी की इस टिप्पणी को उन्होंने खारिज कर दिया कि सोनिया गांधी के खिलाफ उनके दावे किताब के लिए लोकप्रियता हासिल करना है। सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं सिंघवी जैसे व्यक्ति से यह उम्मीद नहीं करता कि वह इस तरह की टिप्पणी करेंगे कि मैं लोकप्रियता के लिए यह कर रहा हूं।
सिंह ने कहा कि ‘मेरी किताब बिक रही है और मैं उनसे नहीं कह सकता कि किताब मत बेचिए। मैं जानता हूं कि वह ऐसा (सिंह पर हमले) सोनिया गांधी को खुश करने के लिए कर रहे हैं। पूर्व विदेश मंत्री ने अपनी आत्मकथा में दावा किया है कि राहुल गांधी द्वारा सोनिया गांधी के जीवन पर खतरे की आशंका के कारण सोनिया ने प्रधानमंत्री बनने से इंकार कर दिया जो सोनिया गांधी के इस बयान के उलट है कि उन्होंने पद नहीं लेने के मामले में अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ सुनी।


Scroll To Top
Translate »