गायत्री प्रजापति पर इतने मेहरबान क्यों हैं सपा मुखिया – डा0 चन्द्रमोहन


c5a5a7acca0963015bd7b9a6c954a050_M
लखनऊ |   भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि समाजवाद का ढोंग करने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) का असली चेहरा गायत्री प्रजापति ही हैं। अखिलेश सरकार में खनन मंत्री गायत्री प्रजापति अपराधिक गतिविधियों से जुड़े हर हुनर में माहिर हैं।
प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि सपा सरकार बनने के बाद से इनपर कई सारे आरोप लगाए जा चुके हैं लेकिन सपा मुखिया श्री मुलायम सिंह यादव के कृपापात्र होने के चलते इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उल्टा इनपर आरोप लगाने वालों पर झूठे केस दर्ज कर दिए गए। प्रजापति पर सरकारी मेहरबानी की बानगी इसी प्रकार जाहिर होती है कि इनके कहने पर तीन जिलों के ब्लॉक प्रमुख चुनाव को टाल दिया गया। उच्च न्यायालय ने इसके लिए फटकार लगाई है।
प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि सपा मुखिया को गायत्री प्रसाद प्रजापति को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। श्री मुलायम सिंह यादव बार-बार अपने मंत्रियों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हैं लेकिन स्वयं गायत्री प्रजापति जैसे भ्रष्ट मंत्री को खुला संरक्षण देते हैं। गायत्री प्रजापति के संरक्षण में पूरे प्रदेश में अवैध खनन जोरों पर है। बुंदेलखंड और सोनभद्र में गरीब किसानों के प्राकृतिक संसाधनों पर गायत्री प्रजापति के समर्थको ने डाका डाल दिया है।
प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि भीषण सूखे के हालात में प्राकृतिक संसाधनों के जरिए गरीब किसान अपने परिवार का पेट पालता था लेकिन अब उसपर खनन माफियाओं का कब्जा हो गया है। नतीजा पहले से अभाव का जीवन जी रहे किसान की हालत मरणासन्न हो गई है। यही वजह है कि सपा सरकार बनने के बाद से प्रदेश में किसानों की आत्महत्याओं में काफी इजाफा हो गया है और प्रदेश सरकार हाथ-हाथ पर हाथ धरे बैठी है। सपा सरकार को गरीब किसानों की स्थिति सुधारने से ज्यादा अपने चहेते मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की कारगुजारियां ज्यादा फायदेमंद लग रही हैं।

Scroll To Top
Translate »