रियो ओलंपिक में कांस्य जीतक मेडल का सूखा दूर करने वाली भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक पर इनामों की बरसात हो रही है. हरियाणा सरकार साक्षी को 2.5 करोड़ रुपये देगी जबकि रेलवे 50 लाख और पदोन्नति देगी. इसके अलावा साक्षी को भारत सरकार की ओर से 30 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. साथ ही साक्षी को क्लर्क से सीधे डिविजनल कमर्शियल मैनेजर बनाने का एलान किया गया है.
साक्षी ने 58 किलो भार वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. ये कारनामा करने वाली वो पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं. साक्षी ने रेपचेज के फाइनल मुकाबले में किर्गिजस्तान की पहलवान एसुलू तिनिवेकोवा को मात देकर रियो ओलंपिक में भारत को पहला मेडल दिलाया.
साक्षी ने रचा इतिहास
साक्षी ने किर्गिजस्तान की पहलवान के सामने जबरदस्त खेल दिखाकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया. पहले राउंड में वो किर्गिस्तान की पहलवान एसुलू तिनिवेकोवा से 0-5 से हार गईं थीं. दूसरे राउंड की शुरुआत में पिछड़ने के बाद साक्षी ने जबरदस्त वापसी की और 8-5 से दूसरा सेट जीतकर मुकाबला बराबर किया, और देश को कांस्य पदक दिलाकर भारत का रियो ओलंपिक में खाता खुलवाया. जब 10 सेकंड का समय बचा था तब साक्षी को एक अंक की दरकार थी और उसने मैच के अंतिम क्षणों में ‘टेकडाउन’ के जरिये करीबी जीत दर्ज की.
साक्षी ने जबरदस्त खेल दिखाया
मंगोलियाई खिलाड़ी के खिलाफ साक्षी का पहले राउंड में मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा, दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिल रही थी. लेकिन मुकाबले के आखिरी क्षणों में साक्षी ने वो कर दिखाया, जो रियो में कोई भारतीय एथलीट नहीं कर पा रहा था. साक्षी की इस कामयाबी पर देश को सदा उन पर नाज रहेगा. इस मुकाबले में उन्होंने अपने जबरदस्त दांव लगाए और 12-3 से मुकाबला जीत कर इतिहास रच दिया. मेडल जीतने के बाद साक्षी ने कहा कि देश ने उन पर जो प्यार और भरोसा दिखाया है, उसकी वो हमेशा शुक्रगुजार रहेंगी.
https://rashtriyadinmaan.com

