कृषक महिला समूहों को ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्र वितरित किए
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश की प्रगति के लिए गरीबों, किसानों और महिलाओं का खुशहाल होना जरूरी है। समाजवादी सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के हितों को ध्यान में रखकर तमाम योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग के विकास के लिए संतुलित प्रयास किए हैं।मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 11 कृषक महिला समूहों को ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्र वितरित किए। उन्होंने खरीफ-2015 के सघन प्रचार अभियान का शुभारम्भ किया।
श्री यादव ने फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषक महिला समूहों को प्राथमिकता दिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे कृषि में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे महिलाओं का सशक्तिकरण होगा। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं पिछड़े वर्गों को मजबूत बनाने की दिशा में समाजवादी सरकार का यह एक और प्रयास है। इसी कड़ी में समाजवादी पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण का भी एक माध्यम बनी है।
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग से यह अपेक्षा की कि फार्म मशीनरी बैंक योजना का दायरा बढ़ाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा कृषकों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने उम्मीद जतायी कि योजना का तेजी से संचालन होने पर बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलेगा। कृषक महिला समूहों की मेहनत से आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलेगी। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2015-16 को किसान वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत संचालित होने वाले कार्यों से किसानों की खुशहाली में वृद्धि होगी।
श्री यादव ने प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि जहां एक ओर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर परियोजना के किनारे बड़ी कृषि मण्डियों का भी विकास किया जाएगा। इससे उद्योग, कारोबार के साथ-साथ किसानों को भी लाभ हासिल होगा। नौजवानों को आधुनिक तकनीक में दक्ष बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जहां एक ओर निःशुल्क लैपटाॅप वितरित किए गए, वहीं दूसरी ओर किसानों की खुशहाली के लिए कामधेनु डेरी योजना भी संचालित की जा रही है। साथ ही, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास मिशन भी प्रगति पर है। राज्य सरकार ने अपने कार्यों के जरिये प्रत्येक क्षेत्र में संतुलन बनाया है। ग्रामीण इलाकों में विद्युत की सुचारु आपूर्ति के लिए सब-स्टेशन स्थापित किए गए हैं। किसानों को सोलर पम्प की सुविधा भी दी गई है।
कृषि राज्य मंत्री श्री राजीव कुमार सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि गतिविधियों में महिलाओं की समान भागीदारी होती है। मुख्यमंत्री ने कृषक महिला समूहों को आमंत्रित कर उनके योगदान को पहचान दी है। फार्म मशीनरी बैंक योजना महिलाओं के सशक्तिकरण एवं कृषि विकास में उपयोगी भूमिका निभाएगी। सघन प्रचार अभियान के दौरान किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीक की जानकारी दी जाएगी, ताकि कृषि उपज में बढ़ोत्तरी हो सके। इस वर्ष बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से किसानों की फसल की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से किसानों को लगभग 2500 करोड़ रुपए से अधिक धनराशि की वित्तीय मदद प्रदान की है।
कृषि विभाग के सलाहकार डाॅ0 रमेश यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को सर्वाधिक महत्व देती है। प्रत्येक परिस्थिति में प्रदेश सरकार किसानों के साथ है। फार्म मशीनरी बैंक योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान देगी। सघन प्रचार अभियान के माध्यम से कृषि विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा कृषि व किसानों को सबसे अहम स्थान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किसानों को सभी कृषि निवेश आसानी से उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक प्रबन्ध करते हुए इनपुट मैनेजमेन्ट कैलेण्डर लागू किया है। परिणामस्वरूप पिछले सालों में खाद व बीज के सम्बन्ध में किसानों को कोई असुविधा नहीं हुई है।
राज्य सरकार ने उर्वरकों की प्री-प्रोजिशनिंग की व्यवस्था की है। किसानों को हाइब्रिड बीज उपलब्ध कराने के लिए आॅनलाइन पंजीकरण कराया जाता है। प्रत्येक जिले में माह के तीसरे सप्ताह में किसान दिवस का आयोजन किया जाता है, ताकि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर समयबद्ध ढंग से समाधान किया जा सके। किसानों को नवीनतम कृषि जानकारी उपलब्ध कराने के लिए खरीफ तथा रबी के दौरान गोष्ठियां आयोजित की जाती हैं।
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आनन्द मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने इस वर्ष के बजट भाषण में यह घोषणा की थी कि फार्म मशीनरी बैंक योजना में महिला समूह को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य सरकार की इस प्रतिबद्धता को बढ़ावा देने के लिए आज 11 महिला कृषक समूहों को मुख्यमंत्री द्वारा ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाभी सौंपी जा रही है। इस योजना को ग्राम विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ते हुए महिला समूहों के गठन की व्यवस्था की गई है। इसके बहुत अच्छे नतीजे मिले हैं। वर्तमान में योजना के तहत 180 समूह गठित हुए हैं, जिनमेें से 30 महिला समूह हैं। इस वर्ष 31 जनपदों में 300 ग्रामीण संगठनों को इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सघन प्रचार अभियान के तहत 24 किसान सेवा रथ खरीफ के दौरान समस्त जिलों में व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। अभियान की अवधि 40 दिन निर्धारित की गई है।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2014-15 में कुल 180 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किए गए हैं। इसके तहत 10 लाख रुपए तक के कृषि संयंत्र उपलब्ध कराए जाते हैं, जिसमें 8 लाख रुपए का अनुदान होता है। योजना की अवधारणा यह है कि जिन कृषक समूहों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वे इनका उपयोग अपनी खेती में करने के साथ-साथ आस-पास के किसानों को भी उचित किराए पर उपलब्ध कराएंगे।
इस अवसर पर शिव शक्ति ग्राम संगठन ग्राम आनेपुर, इटावा की अध्यक्ष श्रीमती पप्पी सिंह तथा कृषक स्वयं सहायता समूह ग्राम निगोहां, लखनऊ की अध्यक्ष श्रीमती रक्षमा तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने इन महिला कृषक समूहों के साथ-साथ प्रगति ग्राम संगठन कीरतपुर इटावा, क्रान्ति आजीविका ग्राम संगठन खिवली कला इलाहाबाद, एकता आजीविका महिला संगठन ग्राम बागी जालौन, किसान सेवा स्वयं सहायता समूह ग्राम कपेरामदारपुर लखनऊ, आदर्श आजीविका ग्राम संगठन अहिरोरी हरदोई, गायत्री ग्राम संगठन सिंगहा खुर्द लखीमपुर खीरी, मां वैष्णों ग्राम संगठन चखरा लखीमपुर खीरी, डाॅ0 राम मनोहर लोहिया शिक्षण सेवा संस्थान ग्राम बेलवाना आजमगढ़ तथा कस्टम हायरिंग सेण्टर ग्राम बगिया कन्नौज को भी ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाभी सौंपी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर किसान सेवा रथों तथा ट्रैक्टरों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चैधरी, प्रमुख सचिव कृषि श्री अमित मोहन प्रसाद, प्रमुख सचिव सूचना श्री नवनीत सहगल, सचिव सचिवालय प्रशासन श्री प्रभात मित्तल, कृषि निदेशक श्री ए0के0 विश्नोई तथा महिला कृषक समूह की सदस्य मौजूद थीं।
——–
च्छ.ब्ड.ज्ञतपेीप च्तंबींत टंींद.04 श्रनसलए 2015
https://rashtriyadinmaan.com
