
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल समेत 6 ने मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दिया इस्तीफा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की करीब ढाई वर्ष पुरानी योगी आदित्यनाथ सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार कल यानि बुधवार सुबह 11 बजे होगा। इससे पहले यह विस्तार सोमवार को होना था लेकिन रविवार देर रात अपरिहार्य कारणों से इसे टाल दिया गया था। इस विस्तार में आधा दर्जन नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। कुछ मंत्रियों का कद बढ़ सकता है तो वहीं कुछ मंत्रियों के विभाग में फेरबदल किया जा सकता है।
प्रदेश मंत्रिमंडल में अभी 43 मंत्री है। इसकी संख्या 60 तक हो सकती है। वैसे वर्ष 2017 में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ही कई बार कयास लगाए जाते रहे कि विस्तार होगा। वजह थी कि पार्टी के कुछ पुराने वरिष्ठ नेताओं को चुनाव जीतने के बाद भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी थी। मंत्रिमंडल में 45 जिलों का प्रतिनिधित्व नहीं था। इसके बाद लोकसभा चुनाव 2019 होने के बाद से यह संभावना जताई जा रही थी।
बुधवार को योगी सरकार के प्रथम कैबिनेट विस्तार से पहले मंगलवार को वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल से पहले कुछ मंत्री इस्तीफा देने वाले थे इसी कड़ी में राजेश अग्रवाल ने इस्तीफा दिया है।
बताया जा रहा है कि उन्होंने उम्र सीमा को आधार बताते हुए ये इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के चलते वह इस्तीफा दे रहे हैं, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार अग्रवाल के अलावा चेतन चौहान, मुकुट बिहारी वर्मा, स्वाति सिंह, अर्चना पांडेय और अनुपमा जायसवाल ने भी इस्तीफा दे दिया है।
https://rashtriyadinmaan.com
