
लखनऊ. उ.प्र. महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सिंह ने प्रदेश में दिनों-दिन बढ़ रहे महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार, लूट, हत्या की घटनाओं पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं पर हो रहे जघन्य घटनाओं को रोक पाने में विफल होने पर कड़ी निन्दा की है.
प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सिंह ने कहा कि प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार बनी है महिलाओं के साथ अपराध की घटनाओं में बाढ़ सी आ गयी है. महिलाएं उ.प्र. में असुरक्षित महसूस कर रही हैं और उनमें भय का वातावरण व्याप्त हो गया है. उन्होने कहा कि कुछ दिन पहले जिस प्रकार जेवर में महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार कर हत्या की गयी, इसके पूर्व इलाहाबाद में दो बहनों के साथ बलात्कार और हत्या एवं उनके माता-पिता की हत्या की गयी, शासन-प्रशासन की नाक के नीचे राजधानी लखनऊ में बलात्कार एवं हत्याएं लगातार हो गयी हैं, शर्मनाक है. रामपुर में जिस प्रकार सरेआम दो युवतियों के साथ छेड़खानी की घटना हुई है यह किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है.
श्रीमती सिंह ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के नारे पर उ.प्र. की सत्ता में काबिज हुई प्रदेश की भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. महिलाओं की सुरक्षा के प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री की घोषणाएं थोथी साबित हो रही हैं. प्रदेश में जिस प्रकार अराजकता का माहौल कायम हो गया है ऐसे में प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है.
https://rashtriyadinmaan.com
