40 लाख लोगों को समाजवादी पेंशन


अरविन्द सिंह ‘स्वामी’

samajwadi pension yojnaसमाजवादी पेंशन योजना में 40 लाख लोगों को पेंशन दी जायेगी। इसके लिए सरकार ने 2424 करोड़ रूपये का बजट प्राविधान है। इस पेंशन योजना और पेंशन पोर्टल का शुभारम्भ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 5 नवंबर को लखनऊ में किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पेंशन धारकों की समस्याओं के निराकरण के लिए जल्द ही काल सेंंटर खोले जाने की घोषणा भी की। इस काल सेंंटर में समस्याओं के निराकरण की समय-सीमा भी निश्चित रहेगी। मुख्य सचिव आलोक रंजन के अनुसार इस योजना के अन्तर्गत वही लोग पेंशन के हकदार होंगे जिनके घर 6 से 14 साल की उम्र के सभी बच्चे स्कूल जा रहे हों और स्कूल में उनकी हाजिरी कम से कम 70 फीसदी हो। परिवार के 14 से 35 साल के सदस्य को रोजगार परक कौशल परीक्षण भी दिया जायेगा।
इस मौके पर नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने कहा कि योजना में से इस पाबंदी को हटा दिया जाना चाहिए कि जिसके पास पक्का मकान होगा वह पेंशन का कहदार न होगा, क्योंकि सरकार ने लोहिया आवास योजना में खुद ही गरीबों को पक्के मकान मुहैय्या करवाये हैं।
योजना के अन्तर्गत पांच सौ रूपये पेंशन धारक के खाते में भेजे जायेंगे। अगर पेंशन धारक अपने परिवार के 15 साल से ज्यादा उम्र के सदस्य को साक्षर बताता है और हर साल एक बार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाता है तो अगले साल से 50 रूपये और मिलेंगे। अगर घर की गर्भवती महिला अस्पताल में प्रसव कराती है तो अगले साल से 50 रूपये अतिरिक्त दिये जायेंगे। पेंशन धारक द्वारा अपने 6 साल तक के बच्चे का नियमित टीकाकरण करवाने पर 50 रूपये और भी मिलेंगे, लेकिन कुल मिलाकर पेंशन की रकम 750 रूपये से ज्यादा न होगी।


Scroll To Top
Translate »