ब्रिटेन में संसद परिसर के बाहर आतंकी हमले की घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है और 40 अन्य लोग घायल हो गए हैं. स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय आतंक से प्रेरित इस घटना में हमलावर को मार गिराया. ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टरीज़ा मे ने कहा कि उनका देश ऐसे हमलों से डरने वाला नहीं है.
हमले के बाद हुई आपातकाल बैठक के बाद दिए अपने बयान में उन्होंने कहा, ये (लंदन) महान शहर रोज़ की तरह जागेगा. लंदन के लोग हमेशा की तरह बस और ट्रेनों में सफर करेंगे. प्रधानमंत्री मे ने हमले में मारे गए लोगों के परिवारवालों के लिए प्रार्थना की और पुलिस व इमरजेंसी सर्विस को श्रद्धांजलि दी. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने हमले में मारे गए पुलिस अधिकारी की पहचान 48 वर्षीय कीथ पाल्मर के तौर पर की है. साथ ही उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की है कि पुलिस हमलावर से परिचित थी. आतंकवाद रोधी नीति के राष्ट्रीय प्रमुख एवं कार्यवाहक उपायुक्त मार्क रॉवले ने कहा, मैं अब इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि हमले में तीन आम लोग मारे गए हैं. मैंने पूर्व में संदिग्ध हमलावर के सशस्त्र अधिकारी द्वारा मारे जाने की पुष्टि भी की थी. इस तरह अब मरने वालों की संख्या पांच हो गई है.
https://rashtriyadinmaan.com
