बगैर एसी के तख्त पर सोयेंगे सीएम योगी


x20-1489998182-yogi3.jpg.pagespeed.ic.otjO0tKlQD
लखनऊ.  नये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 कालीदास मार्ग स्थित सरकारी आवास में बहुत सादगी के साथ रहने की तैयारी कर चुके हैं. उन्होंने निर्देश दिया है कि उनके सोने का इंतजाम बगैर एसी वाले कमरे में कर दिया जाये. इस कमरे में वह लकड़ी के तख्त पर सोयेंगे. नये मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास में अपनी गाय को भी लाने का निर्देश दिया है.
गाय की सेवा योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या के हिस्से में शामिल है. उनके गोरक्षनाथ मठ में साढ़े चार सौ से ज्यादा गाये और बछड़े हैं. वह जब भी मठ में रहते हैं अपनी गायों की सेवा खुद करते हैं और उन्हें अपने हाथ से रोटी और घास खिलाते हैं. अब लखनऊ में उन्हें रहना पड़ेगा, लिहाज़ा अपनी गायों को उन्होंने लखनऊ लाने का फैसला किया है.
योगी आदित्यनाथ के पास पिछले 12 साल से एक गाय है. जिसका नाम उन्होंने नन्दिनी रखा है. नन्दिनी के अलावा कई अच्छी नस्लों की गाये हैं. इन गायों के दूध से मठ में आने वालों को प्रसाद मिलता है. योगी आदित्यनाथ मुंह अँधेरे उठ जाते हैं. सुबह 4 बजे से 5 बजे तक योगा करने के बाद अन्य कामों में व्यस्त हो जाते हैं. सांसद के रूप में व्यस्त दिनचर्या को ही वह मुख्यमंत्री के रूप में भी निभाने को तैयार नज़र आ रहे हैं. कल उन्होंने एनेक्सी का दौरा किया था और आज लखनऊ के हजरतगंज थाने का निरीक्षण करने पहुँच गए. योगी ने सरकारी दफ्तरों में पान मसाला और गुटखा बंद करते हुए साफ़ सफाई के निर्देश दिए हैं.
सरकारी कर्मचारियों के काम के घंटे भी उन्होंने बढ़ाए हैं अब सुबह साढ़े 9 बजे से शाम साढ़े छह बजे तक काम करना होगा. वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक अपने मंत्री के सामने अपना प्रेजेंटेशन देना होगा.


Scroll To Top
Translate »