मीरपुर: टूर्नामेंट में अब तक अजेय भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम रविवार को मीरपुर में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के साथ चौथी बार आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीतने के इरादे से उतरेगी।
कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारत ने पांचवीं बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई और उसे तीन लीग मैचों के अलावा नॉकआउट मैचों में भी विरोधी टीमों को हराने में अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी।
भारत अगर रविवार को फाइनल मैच में भी जीत दर्ज करता है, तो अंडर-19 विश्व कप में सर्वाधिक खिताब के मामले में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ देगा। साल 1988 में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में भारत ने 2012 के अलावा 2000 और 2008 में भी खिताब जीता है।
वेस्टइंडीज को नहीं ले सकते हलके में
भारत ने अब तक टूर्नामेंट में दबदबा बनाया है, लेकिन टीम रविवार को होने वाले मैच में वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं ले सकती। क्योंकि टूर्नामेंट आगे बढ़ने के बाद उसके प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। कैरेयिबाई टीम ने लीग चरण में दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में जगह बनाई, जहां उसने क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान और सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को हराया।
भारत अच्छी शुरुआत के लिए एक बार फिर ऋषभ पंत और कप्तान इशान किशन की खतरनाक सलामी जोड़ी पर निर्भर करेगा। किशन पांच पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक जड़ पाए हैं और वह फाइनल में अपने बल्ले का जलवा दिखाने के लिए बेताब होंगे।
https://rashtriyadinmaan.com

