
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि सपा के दोनों गुटों को मालूम है कि अब सपा सरकार आने वाली नहीं है। बसपा के प्रदेश पदाधिकारियों व प्रदेश के समस्त 403 विधानसभा सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों की बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में मायावती ने सपा सरकार के साथ मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी का फरमाना जारी करके आम आदमी को परेशान करके रख दिया है। फिलहाल सभी पदाधिकारी और प्रत्याशी चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें ताकि अधिक से अधिक लोग वोट डाल सकें।
मायावती ने कहा कि सपा के दोनों ही गुटों को मालूम है कि वे सत्ता में नहीं आने वाले हैं और इसीलिये यहाँ आक्सीजन पर चल रही कांग्रेस पार्टी से किसी भी प्रकार का समझौता करने पर आतुर है जिसके बारे में भी आमजनता को जागरूक व सावधान करते रहने की जरूरत है। इसके अलावा सपा के दोनों गुटों में राजनीतिक व चुनावी मजबूरी के तहत अगर तोड़.फोड़ रूक जाती है अथवा दोनों गुटों के बीच तलवारबाजी कम भी हो जाती है तो भी इससे प्रदेश व यहाँ की आम जनता का कोई भी भला होने वाला नहीं है। बसपा प्रदेश कार्यालय 12 माल एवेन्यू में आयोजित इस बैठक को सम्बोधित करते हुए मायावती ने कहा कि बीएसपी एक अनुशासित पार्टी के रूप में जानी जाती है और चुनाव के दौरान भी अनुशासित होकर काम करना है। घोषित नये चुनाव आचार संहिता के सम्बंध में विस्तार से जानकारी देते हुये बीएसपी प्रमुख मायावती ने कहा कि इसमें कई नई हिदायतों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी जमीनी स्तर पर पार्टी के हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता एवं पार्टी उम्मीदवारों को जरूर होनी चाहिये और उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिये। मायावती ने कहा कि विधानसभा स्तर पर छोटी.छोटी मीटिंगों का सिलसिला भी लगातार जारी रहना चाहिये तथा सात चरणों में यहाँ हो रहे विधानसभा आमचुनाव के सम्बंध में उन्होंने नई रणनीति पर चर्चा की तथा इस सम्बंध में जरूरी दिशा.निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनावी वादाखिलाफी पर से लोगोे का ध्यान बाँटने के लिये नोटबन्दी का फैसला लिया। यह निर्णय अत्यन्त जनपीड़ा देने वाला था।
https://rashtriyadinmaan.com
