
मुख्यमंत्री का जनपद गोरखपुर भ्रमण
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत चयनित पात्र 5129 लाभार्थियों को आवास के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने 11977.08 लाख रुपए की 85 योजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण भी किया। इनमें 5839.98 लाख रुपए की 9 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 6137.10 लाख रुपए की 76 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों एवं अन्य नागरिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हर गरीब आदमी के जीवन का सपना उसकी अपनी छत/आवास होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए जून, 2015 में प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत की है। इसके तहत चयनित लाभार्थी को 21 से 30 मीटर के अन्तर्गत 2 कमरा, किचन एवं शौचालय निर्माण का प्राविधान है, जिसमें 1 लाख 50 हजार रुपए केन्द्र सरकार द्वारा तथा एक लाख राज्य सरकार का योगदान होता है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने इस योजना का लाभ नहीं उठाया।
योगी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान सरकार बनते ही इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन की शुरुआत हुई। उन्होंने बताया कि गोरखपुर में इस योजना का आरम्भ हुआ है। इस योजना से गोरखपुर जनपद में 41 हजार तथा गोरखपुर मण्डल में 51 हजार लाभार्थियों को लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के अन्तर्गत 10 लाख तथा शहरी क्षेत्रों 2 लाख आवास बनवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लाभार्थियों को 2 लाख 50 हजार की धनराशि 3 किश्तों में सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी। इसमें एक लाख रुपए की प्रथम किस्त आवास प्रारम्भ करने, दूसरी एक लाख रुपए की किस्त छत तक निर्माण हो जाने तथा तीसरी किस्त 50 हजार रुपए मकान पूर्ण हो जाने पर खाते में भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनपद में अवशेष नगर पंचायत क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों की सूची अतिशीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस योजना में अगर कोई सरकारी कर्मी भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें बर्खास्तगी भी शामिल है। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि यदि कोई आपसे पैसे की मांग करता है, तो उसकी सीधी शिकायत नगर विकास विभाग या मुख्यमंत्री कार्यालय में तत्काल करें।
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के आधार पर कार्य कर रही है। किसानों के स्वावलम्बन के लिए प्रदेश के 86 लाख लघु व सीमान्त किसानों के 36 हजार करोड़ रुपए की कर्ज माफी की गयी है। शिक्षा के क्षेत्र में प्राइमरी विद्यालयों में स्कूल बैग, किताब, डेªस आदि के वितरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पहली बार विद्यालयों में बच्चों को जूते एवं मोजे भी प्रदान किये जायेंगे। इससे प्राइमरी स्कूल के बच्चे भी प्राइवेट/काॅन्वेन्ट स्कूल के बच्चों की भांति अच्छी डेªस पहन सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं में सभी से सहयोग करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि विकास की प्रत्येक योजना में लोग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा जनप्रतिनिधिगण स्वच्छ भारत अभियान से जुड़कर जनपद को ओ0डी0एफ बनाएं। उन्होंने कहा कि गन्दगी से इंसेफ्लाइटिस आदि जैसी घातक बीमारी फैलती है। स्वच्छता से इस प्रकार की गम्भीर बीमारियों पर नियंत्रण कर मासूम जिन्दगियों को असमय मौत से बचाया जा सकता है। उन्होंने इस मौके पर लोगों से खाली स्थान पर वृक्षारोपण करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज कई लोगों का सपना पूरा होने जा रहा है, यह गोरखपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण है। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री आशुतोष टंडन, जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
