मोटेरा स्टेडियम में डोनाल्ड ट्रंप बोले- इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे हम


 

अहमदाबाद. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अपने पहले भारत दौरे पर हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद स्थित मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ (Namaste Trump) कार्यक्रम को संबोधित किया. अपने भाषण में ट्रंप ने बॉलीवुड, भांगड़ा, शाहरुख खान, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर का खास तौर पर जिक्र किया. ट्रंप ने ये भी कहा कि अमेरिका भारत से प्यार करता है, मंगलवार को दोनों देशों के बीच बड़ी डील होगी.

 अमेरिकी राष्ट्रपति के भाषण की खास बातें:-

1>> अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण की शुरुआत ‘नमस्ते’ कहकर की. उन्होंने कहा, ‘भारत एक क्रिएटिव हब है. यहां सालाना 2000 से ज्यादा फिल्में बनती हैं. पूरी दुनिया में इसका स्वागत किया जाता है. लोग भांगड़ा पर डांस करना पसंद करते हैं. लोगों को शाहरुख खान की फिल्म DDLJ (दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे) और शोले (Sholey) भी काफी पसंद है.’

2>> ट्रंप ने कहा, ‘भारत ने दुनिया को सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी दिए हैं, जिन्हें दुनिया भर के लोग पसंद करते हैं.’


3>> अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘भारत ने मानवीयता की उम्मीद जगाई है. इन 70 सालों में भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश और महान राष्ट्र बन चुका है. ये देश बहुत जल्द मिडिल क्लास की आबादी वाला विश्व का सबसे बड़ा देश बन जाएगा.’

4>> उन्होंने कहा, ‘भारत के बारे में सबसे खास बात ये है कि इतना सब कुछ इस देश ने अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था और सहनशीलता के जरिये हासिल किया है.’

5>> ट्रंप ने कहा- ‘पीएम मोदी न सिर्फ गुजरात के गौरव हैं, बल्कि कड़ी मेहनत और समर्पण का जीता जागता सबूत भी हैं. भारतीय कुछ भी हासिल कर सकते हैं. उनमें वो पाने की योग्यता भी है. पीएम मोदी भारत की इस अतुल्य उन्नति का उदाहरण हैं.’6>>अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘मोदी के नेतृत्व में लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, ज्यादातर घरों में लोग गैस से खाना बना रहे हैं. उनके नेतृत्व में भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है.’

7>>उन्होंने इस्लामिक आतंकवाद और पाकिस्तान का मुद्दा उठाया. मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ इवेंट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमारा देश इस्लामिक आतंकवाद का शिकार रहा है, जिसके खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी है. अमेरिका ने अपने एक्शन में आईएसआईए को खत्म किया और अल बगदादी का खात्मा किया.

8>>पाकिस्तान का जिक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम आतंक के खिलाफ कड़े एक्शन ले रहे हैं, पाकिस्तान पर भी अमेरिका ने दबाव बनाया है. पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेना होगा, हर देश को अपने को सुरक्षित करने का अधिकार है. अमेरिका और भारत आतंकवादियों को रोकने और उनकी विचारधारा से लड़ने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

9>>ट्रंप ने कहा- ‘पीएम मोदी बहुत मोलभाव करते हैं, लेकिन अच्छे वार्ताकार हैं. मैं कल (मंगलवार) उनके साथ द्विपक्षीय वार्ता करूंगा, जिसमें हम कई डील पर बात करेंगे. भारत और अमेरिका डिफेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, हम भारत को जल्द ही सबसे खतरनाक मिसाइल और हथियार देंगे.’

10>>ट्रंप ने कहा- ‘इस स्टेडियम में जो लाखों लोग मौजूद हैं इंडिया उनके दिलों में धड़कता है. आइए हम दोनों देश मिलकर एक शक्तिशाली नेतृत्व के रूप में आगे बढ़ें.’ ट्रंप ने गॉड ब्लेस इंडिया, गॉड ब्लेस अमेरिका और वी लव यू इंडिया बोलकर अपने भाषण को खत्म किया.


Scroll To Top
Translate »