
इनमें से 05 राष्ट्रीय पुरस्कार प्रधानमंत्री आवास
योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन के लिए राज्य को प्रदान किए गए
लखनऊ | ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए उत्तर प्रदेश को प्रथम बार 12 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इन पुरस्कारों में से 05 पुरस्कार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में राज्य को प्रदान किए गए हैं।
यह पुरस्कार आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किए गए। प्रदेश सरकार की ओर से ग्राम्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ0 महेन्द्र सिंह ने यह पुरस्कार प्राप्त किए।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं खान मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने राज्य, जिला, ब्लाॅक एवं पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह् एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एप’ का भी शुभारम्भ किया। उत्तर प्रदेश का ग्राम स्वराज अभियान के तहत लखनऊ तथा ग्राम स्वराज विशेष अभियान के अन्तर्गत सीतापुर जनपद को प्रथम पुरस्कार दिया गया है।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के विकास का रास्ता गांव, खेत एवं खलिहान से होकर गुजरता है। जिस देश का किसान खुशहाल नहीं होगा, वह देश कभी प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्राम विकास में विभागों की अलग-अलग भूमिकाएं होती हैं, परन्तु यही कार्य यदि टीम वर्क एवं मिशन के तौर पर किया जाए, तो इसके सार्थक परिणाम प्राप्त होते हैं। साथ ही, व्यक्ति सम्मान भी प्राप्त करता है।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री रामकृपाल यादव ने कहा कि ग्रामीण जीवन में आमूल-चूल परिवर्तन लाने, ग्रामों में सुविधाएं मुहैया कराने तथा ग्रामीण पलायन रोकने के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जाता है। ग्रामों में प्रत्येक परिवार को पक्का मकान मुहैया कराने, प्रत्येक गांव को पक्की सड़क से जोड़ने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार सहित कौशल विकास पर सरकार द्वारा विशेष जोर दिया जा रहा है।
ग्राम्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करके प्रदेश सरकार ने उपलब्धियों के नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। 12 राष्ट्रीय पुरस्कारों में से 05 पुरस्कार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए दिए गए हैं। इनके तहत निर्मित किए गए आवासों की कुल संख्या तथा योजना के क्रियान्वयन हेतु कन्वर्जेन्स कार्य से जुड़े पुरस्कार प्रमुखता से शामिल हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश में निर्मित कराए गए आवासों की संख्या देश में सर्वाधिक है।
इसके अतिरिक्त, अन्य पुरस्कारों की श्रृंखला में आवास के क्षेत्र में ओवरलाॅल परफाॅर्मेन्स के लिए तृतीय पुरस्कार, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास श्री अनुराग श्रीवास्तव तथा ग्राम्य विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा प्राप्त किए गए। आवास निर्माण में जनपद बिजनौर के अफजलगढ़ विकास खण्ड को प्रथम, जनपद अमरोहा के विकास खण्ड धनौरा को द्वितीय एवं जनपद अमरोहा के विकास खण्ड जोया को तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। ग्राम्य विकास के प्रशिक्षण कार्यक्रम में एस0आई0आर0डी0 को द्वितीय, मनरेगा के तहत जनपद लखनऊ के विकास खण्ड माल को द्वितीय तथा एन0एस0ए0पी0 के लिए द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा, मनरेगा, ग्राम स्वराज योजना, मानव संसाधन के गुणवत्तापरक प्रशिक्षण तथा डी0बी0टी0 के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सुगमतापूर्वक धनराशि के हस्तांतरण से जुड़े राष्ट्रीय पुरस्कार भी उत्तर प्रदेश को प्रदान किए गए हैं। ग्राम स्वराज अभियान के संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सम्पूर्ण भारत में 06 जनपद चयनित किए गए थे। इन जनपदों में प्रदेश के 02 जिले लखनऊ तथा सीतापुर भी शामिल हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
