नई दिल्ली। जब टीम इंडिया जीतती है तो जश्न का एक अलग ही अंदाज देखने को मिलता है। जश्न का ऐसा ही एक अलग अंदाज ऑस्ट्रेलिया में जब देखने को मिला, तब ऑस्ट्रेलिया का टी-20 सीरीज में सूपड़ा साफ करने के बाद हरभजन सिंह और विराट कोहली मस्ती के मूड में नजर आए। इस दौरान एक शानदार वाक्या देखने को मिला। यहांं एक भी मैच में खेलने का मौका न मिलने पर हरभजन सिंह रिपोर्टर बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम के जीत के हीरो रहे विराट कोहली से मस्ती के मूड में इंटरव्यू लिया। हरभजन ने कोहली से पूछे ये सवाल–
हरभजन: शानदार बल्लेबाज, सुपरमैन क्या कहूं मैं आपको?
कोहली: कुछ भी नहीं, आप मुझे बस मेरे नाम से ही बुलाएं। हमने ऑस्ट्रेलिया से टी-20 सीरीज जीती, मैं बेहद खुश हूं। ऑस्ट्रेलिया से शुरुआती चार वनडे मैच हारने के बाद हमने जबरदस्त वापसी की और अगले चार मैच जीते। ऑस्ट्रेलिया आकर टी-20 में व्हाइट वॉश करना खुशी की बात है। हमारे टी-20 वर्ल्ड कप कैंपेन की ये शानदार शुरुआत है।
हरभजन: आप आजकल नाश्ते में क्या ले रहे हैं?
कोहली: सबसे बड़ी बात है कि मैं नाश्ते के लिए सुबह 8.30 बजे सोकर उठता हूं। मैं टीम में सबसे पहले नाश्ता करता हूं। अरे मैं ऐसे ही मजाक कर रहा हूं! इस पर हरभजन सिंह ने कहा कि सुबह सबसे पहले तो मैं नाश्ता करता हूं। भज्जी के जवाब पर हंसते हुए विराट बोले हां, मैं इनके बाद नाश्ता करता हूं। ये ( हरभजन) टीम के सबसे अनुशासित सदस्य हैं। हम लोग इनके अनुशासन के काफी कुछ सीखते हैं। सीरीज के दौरान इन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला, लेकिन फिर भी ये खुश हैं। भज्जी लगातार युवाओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं, ये बेहद बड़ी बात है।
हरभजन: ऑस्ट्रेलिया सरकार ने आपको झील के किनारे एक प्लॉट दिया है, क्या कहना है आपका?
कोहली: सिडनी से मुझे प्यार है तो अगर यहां मुझे प्लॉट मिलेगा तो मैं ले लूंगा। मुझे ऑस्ट्रेलिया पसंद है। यहां आकर मुझे बेहद अच्छा लगता है। यहां लोगों का काफी सपोर्ट मिलता है। मैं यहां बेहतर और सकारात्मक महसूस करता हूं। इसी वजह से मैं अपनी पूरी क्षमता से खेल पाता हूं। ये बेहद चुनौतीपूर्ण भी है।
इस दौरान हरभजन ने कहा कि यहां के दर्शक कभी सचिन का उत्साह जिस तरह बढ़ाते थे, अब कोहली का भी वैसे ही समर्थन करते हैं। मुझे पूरा उम्मीद है कि कोहली यह शानदार फॉर्म जारी रखेगा। यदि मौका मिला तो मैं उसे जालंधर में एक प्लॉट गिफ्ट में दूंगा।
https://rashtriyadinmaan.com

