नई दिल्ली: आईपीएल के पहले कमिश्नर रहे ललित मोदी की मदद करने के मामले में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज फंसती हुई नजर आ रही है। मोदी के साथ कथित रिश्ते की खबर आते ही विपक्ष ने विदेश मंत्री सुषमा से इस्तीफे की मांग की है।
क्या है मामला?
एक अंग्रेजी अखबार में सुषमा स्वराज पर मोदी को पासपोर्ट दिलाने में मदद करने का आरोप लगाया है। अखबार के अनुसार उन्होंने ललित मोदी को यात्रा दस्तावेज सुलभ कराने के लिए ब्रिटिश आव्रजन विभाग पर दबाव बनाया था।
सुषमा स्वाराज ने दी सफाई
सुषमा स्वराज ने अपने उपर लगे आरोपों के बाद ट्विटर पर अपनी सफाई दी है। विदेश मंत्री ने बताया कि जुलाई 2014 में ललित मोदी ने उन्हें फोन करके कहा कि उनकी पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं और उनका आपरेशन चार अगस्त को पुर्तगाल में होना है। ललित मोदी ने यह भी कहा कि ऑपरेशन के कागजों पर दस्तखत के लिए उन्हें भी वहां मौजूद रहना होगा। सुषमा ने बताया कि ललित मोदी ने उन्हें सूचित किया कि उन्होंने लंदन में पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है और ब्रिटिश सरकार उन्हें यात्रा दस्तावेज देने की तैयारी कर रही है लेकिन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के एक पत्र के कारण मामला रुका हुआ है इससे दोनों देशों के संबंधों पर असर पड़ेगा।
विपक्ष ने मांगा इस्तीफा
कांग्रेस एवं जनता दल यूनाइटेड ने सुषमा पर आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विदेश मंत्री ने एक अभियुक्त की मदद की। कांग्रेस ने उनके इस्तीफे की मांग भी की है। कांगेस नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की नेता वृंदा करात ने भी मोदी से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता आशुतोष ने कहा है कि सुषमा स्वराज को इस्तीफा दे देना चाहिए या फिर प्रधानमंत्री को उन्हें पद से हटा देना चाहिए।
मिला बड़े नेताओं का साथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘सुषमा स्वराज ने जो किया वह सही था और मैं उसे उचित ठहराता हूं। आईपीएल के पूर्व आयुक्त ललित मोदी को ब्रिटेन जाने के लिए यात्रा दस्तावेज पाने में सुषमा स्वराज द्वारा की गई मदद मानवीय है।’’ पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का कहना है सुषमा स्वाराज ने कोई गलती नहीं की और कोई नैतिक मुद्दा शामिल नहीं है।
क्या आरोप हैं ललित मोदी पर?
ईडी ने ललित मोदी पर दो केस दर्ज कर रखे हैं। ललित मोदी ने वल्र्ड स्पोट्र्स को आईपीएल के प्रसारण के लिए 425 करोड़ का ठेका दिया था। ईडी इसकी जांच कर रही है।
https://rashtriyadinmaan.com
