modi

कोझीकोड: उरी हमले के बाद पहली बार जनता के सामने आये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के कोझीकोड से पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद का जनक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि एशिया के अंदर जहां भी आतंकवाद की घटनाएं हो रही हैं, सभी देश एक ही देश को दोषी मानता है। मोदी ने कहा कि हम उरी हमला नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सुन ले, हमारे 18 जवानों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा।

 

मलयालम भाषा में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए मोदी ने पहले वहां उपस्थित भाजपा के शीर्ष नेताओं और जनता का अभिवादन किया। फिर केरल की तारीफ़ में कुछ शब्द कहे। इसके बाद मोदी ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा और पडोसी देश को आगाह करते हुए यह साफ़ कर दिया कि भारत युद्ध के लिए तैयार है।

अपने भाषण में मोदी ने कहा कि एशिया के अंदर जहां भी आतंकवाद की घटनाएं हो रही हैं, सभी देश एक ही देश को दोषी मानता है। केवल भारत की बात नहीं है। अफगानिस्तान हो, बांग्लादेश हो। आपने देखा होगा दुनिया में जहां भी आतंकवाद की घटना होती है, थोड़े दिनों बात एक खबर आती है।

मोदी ने कश्मीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान के पास जो है वो उससे संभल नहीं रहा और कश्मीर की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीओके तो आपके पास है आप उसको नहीं संभाल पाते। कभी पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) आपके पास था। आप संभाल नहीं पाए। आप सिंध, पख्तून, गिलगित-बाल्तिस्तान, बलूचिस्तान को संभाल नहीं पा रहे हो और कश्मीर की बात करते हो। पहले जो घर में है उसे तो संभाल के बताओ।