मुख्य सचिव ने लखनऊ शहर में निर्माणाधीन नवीन सचिवालय एवं डाॅयल 100 भवन का स्थलीय निरीक्षण किया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री दीपक सिंघल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने हेतु विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को निरन्तर अपने स्तर से माॅनीटरिंग सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के भवनों के निर्माण के साथ-साथ पब्लिक सर्विस डिलीवरी बेहतर देने हेतु मैनपावर की संख्या भी बढ़ानी होगी।
उन्होंने कहा कि शहरों की सकरी गलियों को भी दृष्टिगत रखते हुये आम नागरिकों के पास उनकी मांग के अनुसार तत्काल सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु बड़े वाहनों के साथ-साथ छोटे वाहनों की व्यवस्था भी पुलिस विभाग को करनी होगी। उन्होंने कहा कि डायल 100 भवन वर्तमान आवश्यकताओं को दृष्ंिटगत रखते हुये नवीनतम तकनीकी को व्यवहार में लाया जाये, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान त्वरित गति से कराने में सुविधा हो।
मुख्य सचिव आज लखनऊ शहर में निर्माणाधीन नवीन सचिवालय एवं डाॅयल 100 भवन का स्थलीय निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने निर्माणाधीन नवीन सचिवालय भवन का निरीक्षण करते हुये कहा कि ऐतिहासिक भवन को वर्तमान आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुये उपयोगी एवं आधुनिक बनाना होगा। उन्होंने कहा कि नवीन सचिवालय भवन को निर्धारित अवधि में शुभारम्भ कराने हेतु फैले हुये मलबा आदि निष्प्रयोज्य सामग्री को प्राथमिकता से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होने के साथ-साथ विद्युत सुरक्षा की भी व्यवस्था सुनिश्चित करानी होगी।
उन्होंने कहा कि नवीन सचिवालय भवन को नवीन तकनीकीयुक्त ऐसा बनाया जाये कि पर्याप्त सुरक्षा हेतु कम से कम सुरक्षा बल तैनात कर अधिक से अधिक सुरक्षा प्रदान करायी जा सके। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत मजदूरों को निःशुल्क भोजन न उपलब्ध कराये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये निर्देश दिये कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रमिकों को निःशुल्क भोजन प्रत्येक दशा में उपलब्ध कराया जाये।
श्री सिंघल ने नवीन सचिवालय भवन का निरीक्षण करते हुये निर्देश दिये कि निर्माणाधीन सभागारों में आवश्यकतानुसार जनपदों से तत्काल सूचना प्राप्त करने हेतु वीडियो कान्फ्रेन्सिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करायी जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि निर्माणाधीन नवीन सचिवालय में वर्तमान तकनीकी आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुये आवश्यकतानुसार अन्य व्यवस्थायें भी समय से सुनिश्चित करा ली जायें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये।
निरीक्षण में मुख्य सचिव के साथ प्रमुख सचिव गृह श्री देबाशीष पण्डा, पुलिस महानिदेशक श्री जावीद अहमद, प्रमुख स्टाफ आॅफिसर मुख्य सचिव श्री भुवनेश कुमार, स्टाफ आॅफिसर मुख्य सचिव श्री एस0एन0 श्रीवास्तव, श्री आर0डी0पाॅलीवाल सहित राजकीय निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक श्री आर0के0गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com


