अखिलेश को पार्टी प्रदेश अध्‍यक्ष पद से हटाना नेतृत्‍व की गलती: रामगोपाल


images-27

लखनऊ. शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच चल रहे कथित विवाद और यादव परिवार में कलह की खबरों के बीच आज समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया और कहा कि ‘परिवार में कोई कलह नहीं है. अगर कोई विवाद है तो वो दूर कर लिया जाएगा’. रामगोपाल ने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश सपा प्रमुख पद से हटाना पार्टी नेतृत्व की चूक है, हालांकि यह चूक जानबूझ कर नहीं की गई. अखिलेश को हटाये जाने से गलतफहमी पैदा हुई है, मामले को समाधान कर लिया जाएगा.

रामगोपाल ने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि कुछ फैसले ले लिये जाते हैं, जिससे लोगों को लगता है कि पार्टी में कोई दिक्‍कत है. ऐसी समस्या सभी पार्टियों में किसी न किसी परिस्थिति के कारण उत्पन्न हो जाती है. उन्होंने कहा कि सूबे के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने जो भी फैसले लिए, ज्‍यादातर पार्टी अध्‍यक्ष के साथ वार्ता करके लिये, लेकिन कुछ फैसले खुद लिए, जैसा की उन्होंने खुद कबूल किया है.

उन्होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश जैसे राज्‍य का मुखिया अगर किसी फैसले को अपनी तरफ से लेते हैं, तो कोई अस्‍वाभाविक बात नहीं है. किसी मामूली बात पर अगर कोई मतांतर हो जाता है तो उसका समाधान भी निकाल लिया जाता है.रामगोपाल ने कहा कि मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव को जब पार्टी अध्‍यक्ष पद से हटाया गया, तो नेतृत्‍व से थोड़ी सी गलती हुई जान-बूझकर न सही, लेकिन इतनी गलती हो गई कि उनसे अगर इस्‍तीफा मांग लेते तो वे मना नहीं करते. इससे कोई समस्‍या का सवाल ही नहीं पैदा होता.

रामगोपाल ने कहा कि ऐसा करने में थोड़ी से गलतफ़हमी हुई है और कोई ऐसी बड़ी बात नहीं है. शिवपाल यादव के विभाग पर उन्होंने कहा कि उन्‍हें विभाग वापस दिए जाएंगे या नहीं, इस मसले पर अभी इसलिए नहीं कह सकते क्‍योंकि मुख्‍यमंत्री से मेरी मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन इसमें सुधार की गुंजाइश है.

आपको बता दें कि अहम मंत्रालय छीने जाने के बाद से नाराज़ चल रहे यूपी के मंत्री शिवपाल यादव ने साफ तौर पर कहा है कि पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ही उनके नेता हैं और वह उनका दिए गए निर्देश का पालन करेंगे. शिवपाल ने आज यह भी कहा है कि समाजवादी पार्टी में सब कुछ ठीक चल रहा है और पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ेगी और जीतकर फिर से सूबे में सरकार बनाएगी.


Scroll To Top
Translate »