कोलकाता। पटना पाइरेट्स ने मंगलवार को प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के तीसरे संस्करण के 19वें मैच में बंगाल वॉरियर्स को 36-31 से हराकर अपनी बादशाहत साबित की। इस जीत के साथ ही पटना पाइरेट्स 25 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है जबकि बंगाल वॉरियर्स 21 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों ही टीमें अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी थी और पटना ने आज बाजी मारी।
पटना की जीत में रोहित कुमार (2 बोनस, कुल 8 अंक) तथा संदीप नरवाल (7 अंक) चमके। इन दोनों के अलावा राजेश मोंडल (5 अंक) का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। रोहित ने समय-समय पर उम्दा रैड लगाकर बंगाल को मुकाबले से बाहर कर दिया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले के पहले हाफ में काफी टक्कर वाला मैच देखने को मिला। खिलाडि़यों के बीच रैड और टैकल अंक हासिल करने के लिए तगड़ी जद्दोजहद देखने को मिली। हाफ टाइम तक दोनों टीमों का स्कोर 15-15 से बराबर रहा।
इसके बाद 31वें मिनट में पाइरेट्स के प्रदीप नरवाल ने सफल रैड मारकर टीम को 31-23 के स्कोर पर पहुंचा दिया। यहां से मुकाबला अंत तक पटना के पक्ष में रहा। पटना ने चार ऑलआउट पाइंट हासिल किए जो मैच में उसकी जीत का प्रमुख हिस्सा रहा। बंगाल की टीम अपनी रक्षात्मक शैली के लिए लोकप्रिय है, लेकिन वह एक भी ऑआउट अंक हासिल नहीं कर सकी।
पटना ने 23 रैड अंक तो बंगाल की टीम 18 रैड अंक ही हासिल कर पाई। बंगाल को दो अतिरिक्त अंक मिले, लेकिन यह उसकी हार नहीं टाल सके। बंगाल की तरफ से नितिन तोमर ने सर्वाधिक 9 अंक हासिल किए। अब बुधवार को बंगाल वॉरियर्स का मुकाबला जयपुर पिंक पैंथर्स से होगा जबकि पटना पाइरेट्स गुरुवार को पुनेरी पल्टन से भिड़ेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com

