
लखनऊ| प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उप्र पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने बिजली के सामानों को बाजारों में मिलने पर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने सभी डिस्कामों के अधिकारियों से बात कर मामले में त्वरीत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्सा नहीं जाए.
आज उन्होंने मध्यांचल एवं दक्षिणांचल डिस्काम के प्रबन्ध निदेशकों से बात कर इस प्रकरण की जानकारी ली. मध्यांचल के गोण्डा और शाहजहाॅपुर तथा दक्षिणांचल के आॅरैया जनपदों के स्टोर की विद्युत सामग्री की बरामदी का मामला एसटीएफ द्वारा प्रकाश में लाया गया है। प्रमुख सचिव ने इन स्थानों पर गोदामों में तैनात कार्मिकों को तत्काल स्थानान्तरित करने के लिए निर्देशित किया है. प्रमुख सचिव ने बताया है कि इस घटना में जो भी एसटीएफ की जाॅच में पकड़ा जायेगा उसके विरूद्ध विधि सम्मत कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी.
मध्यांचल डिस्काम के प्रबन्ध निदेशक संजय गोयल ने बताया कि अभी तक केवल गोण्डा एवं शाहजहाॅपुर स्टोर की सामग्री एसटीएफ जाॅच में बरामद हुयी है. ऐसी जानकारी मुझे दी गयी है. जिसके आधार पर यहाॅ के स्टोरों के अधिशासी अभियन्ता एवं स्टोर कीपर को स्थानान्तरित कर सम्बद्ध कर दिया गया है. दक्षिणांचल डिस्काम के प्रबन्ध निदेशक एसके वर्मा ने बताया है कि दक्षिणांचल डिस्काम में आॅरैया स्टोर की सामग्री एसटीएफ जाॅच में बरामद हुयी है. जिस पर अध्यक्ष ने तत्काल स्थानान्तरण के निर्देश दिये है. जिसके अनुपालन में अधिशासी अभियन्ता एवं स्टोर कीपर को आज ही स्थानान्तरित कर दिया गया है.
https://rashtriyadinmaan.com
