
दिल्ली | भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अब खुद ही अपने बेटे जय शाह के बचाव में उतर आए हैं। शाह ने कहा है कि जय की कंपनी कुछ भी गलत नहीं किया है। कंपनी में जो कुछ भी लेन-देन हुआ है, वो सभी बैंक और चेक के माध्यम से हुआ है।इंडिया टुडे के एक खास कार्यक्रम में शाह ने कहा कि जय का कंपनी में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। इसका प्रमाण इसी से लगाया जा सकता है कि जय की कंपनी ने सौ करोड़ रुपये का मानहानि का केस दायर किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जय की कंपनी कमोडिटी एक्सपोर्ट के कारोबार में है और ऐसे में टर्नओवर ज्यादा होना आम बात है। कंपनी ने चावल और तिलहन को इंपोर्ट किया है और धनिया का एक्सपोर्ट किया है। इसमें मुनाफा ज्यादा नहीं होता है।
शाह ने इस दौरान कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस पर बड़े-बड़े आरोप लगे, लेकिन इस पार्टी में नैतिक साहस नहीं दिखाया और ना ही इतना बड़ा मानहानि का केस दर्ज किया।
बेटे के पक्ष में बोलते हुए अमित शाह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि जय ने बोफोर्स की तरह दलाली नहीं खाई है। उसने जो भी कमाई की है, वो वैध तरीके से की है। कांग्रेस को सबसे पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर जय की कंपनी के खिलाफ किसी के पास सबूत हैं, तो उसे कोर्ट में साबित करके दिखाए। शाह ने कहा इस मामले में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।
इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जय की कंपनी ने 80 करोड़ रुपये का लाभ कमाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये का नुकसान भी सहा है। कंपनी में किसी तरह की मनी लॉन्ड्रिंग नहीं हुई है। सभी लेन-देन चैक से ही हुए हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
