
lucknow | योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर मोहम्मद अली जिन्ना को लेकर विवादित बयान दिया है। अंबेडकर नगर में एक कार्यक्रम में पहुंचे मौर्य ने जिन्ना को स्वतंत्रता संग्राम का नायक बता दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में जितना योगदान महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल का था उतना ही योगदान मोहम्मद अली जिन्ना का भी था।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांधी, नेहरू और सरदार पटेल की तरह जिन्ना भी स्वतंत्रता सेनानी थे। देश के विभाजन के मसौदे पर जहां जिन्ना के हस्ताक्षर हैं, वही नेहरू और सरदार पटेल के भी हस्ताक्षर हैं। अपने पहले के बयान पर सफाई देते हुए मार्य ने कहा कि मीडिया ने उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। मैंने जिन्ना को कभी देश का महापुरुष नहीं बताया है। मौर्य ने कहा कि देश के विभाजन के पहले से अगर जिन्ना की तस्वीर कहीं लगी है तो, अब उसे हटाने का कोई मतलब नहीं बनता है। जिन्ना की तुलना गांधी, नेहरू और पटेल जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों से कर मौर्य एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बहाराइच से बीजेपी सांसद सावित्रीबाई फुले ने जिन्ना को महापुरुष बताते हुए कहा था कि उनकी तस्वीर जहां भी जरूरत हो लगाई जानी चाहिए।
https://rashtriyadinmaan.com
