
दिल्ली | राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोपों को सीरे से खारिज करते हुए भाजपा ने प्रधानमंत्री को गंगा की तरह पवित्र बताया, जबकि राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले का आरोपी करार दिया. भाजपा की ओर से प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी वैसे प्रधानमंत्री पर सवाल उठा रहे हैं जो गंगा की तरह पवित्र हैं. प्रधानमंत्री पाक, साफ और निहायती ईमानदार व्यक्ति हैं और राहुल गांधी ने जो भी आरोप लगाया है वह बेबुनियाद है.
प्रसाद ने आगे कहा कि राहुल गांधी का पूरा परिवार भ्रष्टाचार और घोटालों में घिरा हुआ है. वे अनाप शनाप बयान अपनी कुंठा छुपाने के लिए दे रहे हैं. हार की हताशा में राहुल गांधी ऐसे आरोप लगा रहे हैं. रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी का पूरा परिवार अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में जांच के दायरे में है.
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि करोड़ों का गबन करने वाले विजय माल्या को नरेंद्र मोदी ने 1200 करोड़ रुपये की टॉफी खिलायी है. राहुल ने नोटबंदी पर भी नरेंद्र मोदी को घेरने का प्रयास करते हुए कहा कि नोटबंदी का फैसला गरीबों के लिए नहीं है, बल्कि चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है.
https://rashtriyadinmaan.com
