
नई दिल्ली में 12 – 14 अक्टूबर 2016 तक आयोजित होगा ब्रिक्स ट्रेड फेयर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में निजी निवेश को आकर्षित करने हेतु किये जा रहे अनवरत प्रयासों के क्रम में राज्य में विकसित की गई उत्तम औद्योगिक अवस्थापना सुविधाओं व सरल प्रक्रियाओं के प्रति निवेशकों के मध्य जागरूकता पैदा करने के लिए आगामी 12 – 14 अक्टूबर 2016 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स ट्रेड फेयर में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। ब्रिक्स ट्रेड फेयर का आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय द्वारा इण्डस्ट्री पार्टनर फेडरेशन आॅफ इण्डियन चैम्बर्स एण्ड इण्डस्ट्री के सहयोग से किया जा रहा है।
इस अन्तर्राष्ट्रीय व्यावसायिक मेले में राज्य के उच्च-स्तरीय अधिकारियों की टीम सक्रिय रूप से सम्मिलित होगी। उक्त सम्मेलन में भारत के अतिरिक्त ब्राज़ील, रूस, चीन व दक्षिण अफ्रीका के निवेशकों व कम्पनियों द्वारा भाग लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के दल में सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास व अधिशासी निदेशक, उद्योग बन्धु-श्रीमती अलकनंदा दयाल उ.प्र. राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) – श्री अमित कुमार घोष, सहित, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सी.ई.ओ.), ग्रेटर नोएडा – श्री दीपक अग्रवाल, सी.ई.ओ., नोएडा – श्री पी के अग्रवाल सहित आई.टी. व इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग के उच्चाधिकारी शामिल होंगे।
सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास – श्रीमती अलकनंदा दयाल ने बताया कि प्रदर्शनी के अतिरिक्त 12 अक्टूबर 2016 को आयोजित होने वाले ‘भारतीय राज्यों में निवेश के अवसर’ विषय पर सत्र में प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश की विभिन्न निवेशोन्मुख नीतियों व विकसित की जा रही विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं से प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अवगत कराया जाएगा।
ट्रेड फेयर में निवेशकों को जागरूक करने हेतु राज्य में विकसित की जा रही विभिन्न अवस्थापना एवं औद्योगिक परियोजनाओं, जैसे- लखनऊ-आगरा व पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, मेट्रो रेल, दिल्ली-मुम्बई व अमृतसर-कोलकता इण्डस्ट्रियल काॅरीडोर्स (डीएमआईसी व एकेआईसी) एवं ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट काॅरीडोर (ईडीएफसी) के तहत परियोजनाएं, आईटी सिटी-लखनऊ, कानपुर व इलाहाबाद में ट्रांस-गंगा व सरस्वती हाईटेक सिटीज़, कन्नौज परफ्यूम पार्क व म्यूज़ियम, साइकिल ट्रैक्स, लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आदि के पैनल व विभिन्न सेक्टरों के पैनल, ब्रोशर, फिल्म, प्रस्तुतिकरण आदि का उपयोग किया जाएगा।
https://rashtriyadinmaan.com
