लखनऊ| समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने बुधवार को चुनावी जनसभाओं में विकास के मामले में सपा सरकार को सबसे आगे बताते हुए विरोधियों पर जमकर हमला बोला। श्री यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के चुनावी भाषणों पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि मोदी चुनाव हार चुके हैं। अब वे विकास और काम की बात नहीं करते। सामने हार देखकर वे रास्ता बदल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आज बहराइच, श्रावस्ती एवं गोंडा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के आंकड़े सही नहीं रहते। वे लोगों को गुमराह करते है। अच्छे दिन का वादा कर जनता को धोखा दिया। हमारी सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है। प्रदेश की जनता को पता है कि हमने रमजान, दीपावली, क्रिसमस सब त्योहारों पर 24 घंटे बिजली उपलबध करायी। शहरों में 22 से 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का काम दीपावली से शुरू हो गया था। हमारी एम्बुलेंस सेवा बिना भेदभाव के सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाती है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पेंशन सभी लोगों को मिल रही है। गांव वालों तक को पता है कि लैपटाप बिना भेदभाव के मिला है। श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ढाई साल की सरकार में खुद तो जनता के लिए कोई काम किया नहीं। जो वादा किया था, एक भी वादा पूरा नहीं किया। वेे मुद्दे खोजते रहते हैं जनता को बहकाने के लिए। ये चाहते हैं जनता उलझी रहे। जब उन्हें सरकार के हिसाब देने का समय आया तो नोटबंदी कर सबकों लाइन में खड़ा करा दिया। नोटबंदी से व्यापारी बर्बाद हो गया। गरीब और किसान परेशान हुए। कई लोगों की मौत हो गयी। केन्द्र सरकार ने कोई मदद नही की। कालाधन के नाम पर सब नोट जमा करा लिया। अब बता नहीं पा रहे कितना कालाधन आया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय वादा किया था कि रूपये 15 लाख सबको देंगे। अभी तक 15 हजार भी नहीं दिया। श्री यादव ने कहा कि डिजीटल इंडिया का नारा दिया। लेकिन इंडिया डिजीटल कैसे होगा, उसके लिए कोई काम नहीं किया। अपनी सरकार की विकास योजनाओं को बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जनता को सुविधायें देने का काम किया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे ऐसी सड़क बनवायी है जो देश में कहीं नही है। जरूरत पड़ेगी तो सेना उस पर लड़ाकू विमान उतार सकेगी। एक बार जो उस सड़क पर चलेगा, सपा सरकार की तारीफ करेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली की व्यवस्था ठीक की। गरीबों को समाजवादी पेंशन दिया। आगे पेंशन की राशि बढ़ाकर एक हजार करेंगे। इस बार हर गरीब परिवार को समाजवादी पेंशन से जोड़ देंगे।
श्री यादव ने कहा कि महिलाओं की सुविधाओं को बढ़ायेंगे। हमने किसानों का 50 हजार कर्ज माफ किया था। आगे भी किसानों की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने का है। जनता प्रत्याशी के साथ ही मुख्यमंत्री भी चुनने जा रही है। बहुत सावधान रहने की जरूरत है। लोग गुमराह करने के लिए तरह-तरह के मुद्दे लेकर आयेंगे। उनके पास विकास के लिए कुछ बताने को नहीं है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की हवा चल रही है। तीनों चरणों के चुनाव में गठबंधन आगे है। जनता को समाजवादियों के काम पर भरोसा है। बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पत्थरवाली सरकार भी जनता के बीच अपना भाषण पढ़ रहीं है। अब वे भी विकास की बात करती है। उनका विकास प्रदेश की जनता ने देखा है। कई बार मौका मिला। हर बार वही पत्थर के स्मारक बनाये। श्री यादव ने कहा कि पत्थरवाली सरकार से भी सावधान रहने की जरूरत है। कब रक्षाबंधन का त्योहार मनाना षुरू कर दें, भरोसा नही।
https://rashtriyadinmaan.com
