बरेली. बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अखिलेश सरकार पर निशाना साधते हुए सूबे में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने गुरुवार को बरेली में कहा कि यूपी में साढ़े चार मुख्यमंत्री हैं, इसमें अखलेश यादव आधे सीएम हैं। यूपी में दंगे नहीं होते है, बल्कि सपा सरकार कराती है दंगे। लोग आज मायावती के कार्यकाल को याद कर रहे हैं।
उन्होंने आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे किसी का नाम लेकर उसको जीरो से हीरो नहीं बनाना चाहते हैं, एक बात पहले भी कह चुका हूं, दोबारा फिर दोहराता हूं कि यूपी में साढ़े चार सीएम हैं, इसमें अखिलेश हॉफ सीएम हैं। पहले सुपर चीफ मिनिस्टर मुलायम सिंह यादव, दूसरे चीफ मिनिस्टर रामगोपाल यादव, तीसरे चीफ मिनिस्टर शिवपाल यादव और चौथे चीफ मिनिस्टर आजम खां हैं। ये चारों चीफ मिनिस्टर असली चीफ मिनिस्टर को डांट लगाते हैं तो वो बेचारा पूरे से आधा हो जाता है।
उन्होंने यूपी में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां बहू-बेटियों की इज्जत लूट कर उनको पेड़ों पर लटका दिया जाता है। समाजवादी की सरकार में अपराधों की बाढ़ आ जाती है। सपाई भ्रष्टाचार और लूट में लिप्त हैं। वसूली करने के लिए विभाग बंटे हैं। दूसरे राज्यों से अवैध शराब लेकर सरकार को लाखों का चूना लगाया जा रहा है और लोगों की मौत हो रही है। समाजवादी पार्टी में कहावत है, जो जितना बड़ा अपराधी, वह उतना बड़ा समाजवादी है।
साथ ही नासिमुद्दीन सिद्दीकी ने ओवैसी, साध्वी प्राची, साक्षी महराज, आजम खां की भाषाशैली और बयानबाजी पर कहा कि ये सभी लोग एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। उन्होंने पीएम मोदी से अपील की कि ऐसे लोगों पर लगाम लगाए और सख्त से सख्त कार्रवाई करें।
https://rashtriyadinmaan.com

